प्रत्याशी घोषित होने में देरी से दावेदारों में संशय
बस्ती। नामांकन की समय सीमा खत्म होने में पांच दिन शेष हैं। लेकिन, सपा ने चार और भाजपा ने एक विधानसभा सीट पर अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं। उम्मीदवारों की घोषणा में देरी से जहां दावेदार संशय में हैं, वहीं राजनीति के जानकार इसके विपक्षी को घेरने के ब्यूह रचना को अंतिम रूप देने की कसरत को वजह बताते हैं।
बस्ती जिले में कुल पांच विधानसभा सीटें हैं। इन सभी सीटों पर वर्ष 2017 में भाजपा को जीत मिली थी। ऐसे में विपक्षी दलों के सामने जिताऊ उम्मीदवार की तलाश करना किसी चुनौती से कम नहीं रहा। हालांकि कांग्रेस और बसपा ने सभी सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर जीत का दावा कर दिया है, लेकिन भाजपा ने रुधौली तो समाजवादी पार्टी ने सदर, हर्रैया, रुधौली और महादेवा विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष महेश शुक्ल ने कहा कि रुधौली से उम्मीदवार की घोषणा जल्द हो जाएगी। सपा के जिलाध्यक्ष महेंद्र नाथ यादव ने कहा कि उम्मीदवारों के नाम फाइनल हो चुके हैं। जल्द ही मुख्यालय से इसकी घोषणा हो जाएगी।
विधानसभा क्षेत्र, दल-प्रत्याशी
-सदर, भाजपा-दयाराम चौधरी, सपा-घोषित नहीं, बसपा-आलोक रंजन वर्मा, कांग्रेस-देवेंद्र श्रीवास्तव
- कप्तानगंज, भाजपा-सीए चंद्रप्रकाश शुक्ला, सपा-अतुल चौधरी, बसपा-जहीर खान, कांग्रेस-अंबिका सिंह
- हर्रैया, भाजपा-अजय कुमार सिंह, सपा-घोषित नहीं, बसपा-राजकिशोर सिंह, कांग्रेस-लबोनी सिंह
- रुधौली, भाजपा-घोषित नहीं, सपा-घोषित नहीं, बसपा-अशोक कुमार मिश्र, कांग्रेस-बसंत चौधरी
- महादेवा, भाजपा-रवि सोनकर, सपा-घोषित नहीं, बसपा-लक्ष्मी चंद्र खरवार, कांग्रेस-बृजेश आर्या