विद्यालय के सन्नाटे में बच्चों के इंतजार में बैठे रहे गुरुजी
बस्ती। ग्रीष्मावकाश के 26 दिनों बाद बृहस्पतिवार को परिषदीय स्कूल खुल गए। कई स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति न के बराबर रही जिससे स्कूल के सन्नाटे में अध्यापक बच्चों के आने का इंतजार करते रहे।
बच्चों की अनुपस्थिति के कारण पठन-पाठन का माहौल नहीं बन सका। कई दिनों की छुट्टी के बाद स्कूल में बहुत कम बच्चे पहुंचे। अधिकतर स्कूलों में बच्चे आए ही नहीं। इस नाते स्कूल परिसर में सन्नाटे जैसी ही स्थिति रही। शिक्षक बच्चों के इंतजार करते रहे। जिले में 2206 स्कूल संचालित होते हैं जिसमें 1430 प्राथमिक, 320 जूनियर और 319 कंपोजिट स्कूल हैं। इसमें लगभग दो लाख से अधिक बच्चे पंजीकृत हैं। नगर क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय गांधीनगर में 237 बच्चे पंजीकृत हैं जिसमें केवल 17 बच्चे आए थे। जो एक घंटे के बाद घर चले गए। प्राथमिक विद्यालय कटरा में पंजीकृत 57 बच्चों मात्र दो बच्चे आए थे। स्कूल की चहारदीवारी टूटी थी और टोटी उखड़ने के कारण पानी बेकार में बह रहा था।
बीएसए जगदीश शुक्ला ने कहा कि सभी परिषदीय स्कूलों को पूरी क्षमता से खोल दिया गया है। इसे लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। पहले दिन से निरीक्षण के साथ बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित योजनाओं को पूरा कराया जाएगा।
60 में से कोई बच्चा नहीं आया स्कूल
प्राथमिक विद्यालय पुराना डाकखाना में 60 बच्चे पंजीकृत हैं लेकिन कोई बच्चा स्कूल नहीं आया था। शिक्षिका कल्पना सिंह बच्चों का इंतजार करती रहीं। वहीं, बभनान प्रतिनिधि के मुताबिक पूर्व माध्यमिक विद्यालय बभनान में एक भी छात्र स्कूल नहीं पहुंचे। प्रधानाध्यापिका अंजली कुमारी ने बताया कि कुल 98 छात्र स्कूल में पंजीकृत हैं। दो शिक्षक और दो अनुदेशकों को तैनात हैं। पहले दिन स्कूल में एक भी बच्चा नहीं आया। कन्या जूनियर हाई स्कूल बभनान की प्रधानाध्यापिका अकलीमुन्निंशा ने बताया कि 212 छात्राएं पंजीकृत पहले दिन केवल 12 छात्राएं आई थीं। कन्या प्राथमिक विद्यालय में 103 बच्चे पंजीकृत है जबकि केवल चार बच्चे आए थे। दुबौलिया प्रतिनिधि के मुताबिक प्राथमिक विद्यालय गौरा बैरागल पर इंचार्ज प्रधानाध्यापक विवेक मिश्र, शिक्षक राम सागर यादव, बबिता सिंह, शिक्षामित्र राजकुमार शुक्ल सहित अन्य स्टाफ छात्रों के इंतजार मे बैठे रहे। लेकिन कोई छात्र नहीं आया। प्राथमिक विद्यालय भरुकहवा में प्रधानाध्यापक चंद्रावती दो छात्रों को पढ़ाते हुए मिलीं।
कंपोजिट विद्यालय चकदहा में 247 में 45 बच्चे ही उपस्थित
संविलियन विद्यालय बेदपुर नचना में केवल दो बच्चे ही स्कूल आए थे। प्राथमिक विद्यालय पदमापुर में केवल 20 बच्चे मौजूद मिले। दुबौला प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक विद्यालय हथिनास में 60 बच्चे पंजीकृत हैं जिसमें से दस बच्चे आए। यहां केेवल एक शिक्षक को नियुक्ति किया गया है। वहीं, कलवारी प्रतिनिधि के अनुसार कुदरहा क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय चकदहा में 247 बच्चे पंजीकृत हैं जिसमें 45 बच्चे ही उपस्थित रहे। प्रधानाध्यापक गोविंद पांडेय, शिक्षक राधेश्याम चौधरी, सिकंदर आलम, विवेक पांडेय, कविता वर्मा, अनुदेशक करुणावती, कंचन चौधरी शिक्षामित्र संगीता स्कूल में मौजूद रहीं।
----