डर के मारे लखीमपुर कांड के आरोपी की जमानत को नहीं दी चुनौती : ओवैसी
कुदरहा/बस्ती। एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि लखीमपुर खीरी कांड के मुख्य आरोपी की जमानत को सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती नहीं दी। माफियाओं पर बुलडोजर चलाने वाली सरकार डर गई कि उससे एक वर्ग के लोग बुलडोजर चला देंगे।
ओवैसी शुक्रवार को महादेवा विधानसभा के कुदरहा कस्बे के राघव राम वचन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद जिस समाज ने अपना नेता नहीं बनाया, उसे जेल की हवा काटनी पड़ रही है। समाज के कमजोर और लाचार लोगों को बार-बार सत्ता के लिए छला गया है। इसीलिए मजलूम मजलूम मिलकर जालिमों को शिकस्त दे और अपने बच्चों के मुस्तकबिल को बेहतरीन बनाएं।
समाज के कमजोर और लाचार लोगों को बार-बार सत्ता के लिए छला गया है। इसीलिए किसी दल को हराने के लिए वोट न करें, बल्कि अपने लिए नेता बनाएं। जो अपने समाज के आंसुओं को पोछ कर चेहरे पर स्थायी मुस्कान ला सके। उन्होंने समझाते हुए कहा कि लखीमपुर खीरी में किसानों का कत्ल करने वाला जमानत पर छूट गया और बुलडोजर चलाने वाली सरकार जमानत रद्द कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट नहीं गई। सरकार को यह भय था कि उसका जागृत समाज उनकी सरकार पर ही बुलडोजर चला देगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने रोजगार के सवाल पर सरकार को घेरते हुए कहा कि नौजवानों को रोजगार तो नहीं मिला। लेकिन, छुट्टा जानवरों के बहाने किसानों को भारी रोजगार योगी और मोदी सरकार ने उपलब्ध करा दिया है जो सुबह- शाम खेत की रखवाली का काम करते रहते हैं। इसीलिए जिसने आपका दर्द नहीं समझा, उसके लिए पसीना ना बहाएं।
भागीदार परिवर्तन मोर्चा के संयोजक और जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि 75 वर्ष होने को है, लेकिन आंबेडकर के संविधान के तहत समाज के कई वर्गों को हक और अधिकार नहीं मिला। इसलिए हमने बहुत सारे कम और कमजोर समाज के संगठनों को मिलाकर मोर्चे का गठन किया है ताकि जिसकी जितनी संख्या भारी उसकी उतनी हिस्सेदारी को मूर्त रूप दिया जा सके। अब तक यह उपेक्षित समाज वोट देकर सरकार बनाता रहा, लेकिन जब लाभ की बारी आती थी तो उस पर जाति विशेष का कब्जा हो जाता था।
यह अब नहीं चलेगा। सभी क्षेत्रों में समान हिस्सेदारी सभी को मिलेगी। किसानों को कम पैसे में खाद सिंचाई के लिए फ्री बिजली सभी जाति के युवाओं को नौकरियों में हिस्सेदारी मिलेगी। अब वक्त नहीं है, हमारी औलादें हमसे जरूर पूछेंगी कि अच्छे अस्पताल कहां हैं। रोजगार कहां है और हम विकास के दौड़ में कैसे पिछड़ गए।
कार्यक्रम को एआईएमआईएमआई के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली, बबलू मौर्या के अलावा महादेवा के प्रत्याशी पूर्णिमा गौतम, धनघटा के प्रत्याशी डॉक्टर नरेंद्र देव, रुधौली के प्रत्याशी डॉक्टर निहालुद्दीन, कप्तानगंज के सुनील मौर्य ने संबोधित किया। इस मौके पर हरिपाल प्रजापति, सालिक राम मौर्य, सोनू निषाद, गयादीन निषाद, सौरभ सिन्हा, अखिलेश प्रजापति, राम दास अहिरवार, रामदेव मौर्य, मौलाना अब्दुल सलाम, मोहम्मद जावेद, नवीद, यूसुफ जाफरी आदि मौजूद रहे।