मस्टर रोल की ऑनलाइन फीडिंग संतोषजनक नहीं, कार्रवाई के निर्देश
रुधौली (बस्ती )। बीडीओ सुनील कुमार कौशल ने सोमवार को रोजगार सेवकों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें मस्टर रोल की ऑनलाइन फीडिंग संतोषजनक नहीं पाई गई। बीडीओ ने असंतोष जाहिर करते हुए रोजगार सेवकों को कार्रवाई की चेतावनी दी।
गौरतलब है कि ग्राम पंचायतों में कराए जाने वाले विकास कार्यों का मस्टर रोल अब तक ऑफलाइन भरा जा रहा था। जबकि ऑनलाइन एप के माध्यम से मस्टर रोल भरने की सुविधा सभी ग्राम पंचायतों को दी गई है। बीडीओ ने बताया कि सुरुवार के रोजगार सेवक बलिराज ने ऑनलाइन फीडिंग के मामले में बढ़िया कार्य किया है। इसके लिए उन्हें सम्मानित किया गया। बीडीओ ने बताया कि प्रतिदिन पांच ग्राम पंचायतों के रोजगार सेवकों को कार्यालय में उपस्थित होकर प्रगति रिपोर्ट दिखाने का निर्देश दिया। इसके लिए सूची तैयार की गई है। इस मौके पर संतोष यादव, मुकेश वर्मा, राकेश कुमार, जय प्रताप सिंह, ब्रजेश कुमार पांडेय, चंद्रशेखर चौधरी, धर्मेंद्र कुमार, कैलाश चंद, श्याम सुंदर, अजय प्रताप चौधरी, मनोज कुमार, प्रियंका, निर्मला सिंह, गायत्री आदि मौजूद रहे।