जिले में एक कोरोना पॉजिटिव मिला
बस्ती। मेडिकल कॉलेज से रविवार को 522 नमूनों की जांच रिपोर्ट आई है। इसमें एक पॉजिटिव पाया गया है। इस प्रकार जिले में एक्टिव केस दो हो गए हैं। एक लखनऊ में तो दूसरा शहर के एक चिकित्सालय में भर्ती है। रविवार को 510 लोगों का नमूना मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। सीएमओ डॉ. चंद्रशेखर ने कहा कि अब जांच की संख्या बढ़ाई जाएगी। सीएमओ ने कहा कि कोरोना की संभावना को देखते हुए तैयारी की जा रही है। पहले से ही बने सभी कोरोना सेंटरों को सक्रिय रहने को कहा गया है। लोगों को कोरोना गाइड लाइन का पालन करने की भी सलाह दी जा रही है। बताया कि कोरोना जांच के लिए सार्वजनिक स्थल मसलन रोडवेज व रेलवे स्टेशन के अलावा चौराहों व भीड़ भाड़ वाले स्थलों पर भी कराया जाएगा। संभावित खतरे को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी गई है। सभी को हिदायत दी गई है कि वे कोरोना गाइड लाइन का पालन करें, जिससे संक्रमण बढ़ने न पाए।
एक हजार से अधिक ने लगवाई कोरोनारोधी वैक्सीन
बस्ती। जिले में कोरोना टीकाकरण के क्रम में अभियान के दौरान लोगों ने कोरोनारोधी वैक्सीन ली। रविवार को अवकाश के दिन भी गांवों में डोर-टू-डोर स्वास्थ्य टीम ने अभियान चलाया वहीं, 17 टीकाकरण बूथों पर भी अभियान चलाया गया। इस दौरान 1,325 लोगों ने कोरोनारोधी वैक्सीन ली। जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, सीएचसी-पीएचसी, सब सेंटरों व गांवों में रविवार को अभियान चलाकर टीकाकरण किया गया। अभियान में 22 लोगों को प्रीकाशन डोज दी गई। इसमें 60 वर्ष से ऊपर बुजुर्गों समेत फ्रंट लाइन वर्कर, हेल्थ केयर वर्कर शामिल हैं। इसके अलावा किशोर-किशोरियों के टीकाकरण पर जोर दिया गया। अभियान में 535 किशोर-किशोरियों को भी वैक्सीन लगाई गई। जबकि 12 से 14 वर्ष के 175 बच्चों को टीका लगा है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. फखरेयार हुसैन ने बताया कि जिले में टीकाकरण का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। शहर के विभिन्न स्थानों पर वैक्सीनेशन कार्य हुआ। नेशनल मोबाइल मेडिकल यूनिट (एनएमएमयू) के जरिये भी टीकाकरण हुआ।