बस्ती। तेज हवा और बारिश से खेतों में गिरी गन्ने की फसल का बृहस्पतिवार को गन्ना विभाग के अधिकारियों ने जायजा लिया। अधिकारियों ने किसानों को गिरे गन्ने की समय से बंधाई कराने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि फसल के जमीन पर गिरने से उत्पादन प्रभावित होने के साथ जंगली जानवरों से नुकसान की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में किसान समय रहते फसल को संभाल लें।
चीनी मिल रुधौली के गेट और क्रय केंद्र क्षेत्र के महुआ, खजुआ, गौतम करहली, भरवलिया और कसैला गांव में उप गन्ना आयुक्त गोरखपुर राजीव राय, जिला गन्ना अधिकारी जगभान सिंह भदौरिया, महाप्रबंधक गन्ना लवकुश सिंह चौहान और उप महाप्रबंधक गन्ना अनिल कुमार शुक्ला ने खेतों में पहुंचकर फसल की स्थिति देखी। अधिकारियों ने किसानों से संवाद कर गिरे गन्ने की बंधाई और फसल की सुरक्षा के उपाय बताए।
इसी क्रम में गौर क्षेत्र के रानीपुर बड़ेरिया, जीवधरपुर, महुआपार, घाटमपुर, भीटी मिश्र, सरनागी और भटहा समेत कई गांवों में भी अधिकारियों ने गन्ने की फसल का निरीक्षण किया। इस दौरान ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक बभनान उपेंद्र कुमार सिंह, सचिव सच्चिदानंद राव, बभनान चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक दिनेश राय और सहायक महाप्रबंधक गन्ना मनोज कुमार पांडेय मौजूद रहे।
-
उन्नत प्रजातियों की बोआई की सलाह
जिला गन्ना अधिकारी ने किसानों से शरदकालीन गन्ने की बोआई अधिक क्षेत्रफल में करने की अपील की। उन्होंने अधिक उत्पादन देने वाली 0118, 14201, 16202 और 15023 प्रजातियों की बोआई करने की सलाह दी। सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु गगन पांडेय ने बताया कि किसान शरदकालीन बोआई के लिए फील्ड सुपरवाइजर से संपर्क कर बीज आरक्षित करा सकते हैं। किसानों को जागरूक करने के लिए गांव-गांव कृषक गोष्ठियां भी आयोजित की जा रही हैं।
गन्ना फसल नुकसान का उप गन्ना आयुक्त ने लिया जायजा
गौर। हवा के साथ बरसात होने से गन्ने की गिरी फसल का उप गन्ना आयुक्त और डीसीओ ने ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, बभनान उपेन्द्र कुमार सिंह, सचिव सच्चिदानंद राव व बभनान चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक दिनेश राय, सहायक महाप्रबंधक गन्ना मनोज कुमार पांडेय के साथ में क्षेत्र के ग्राम सभा रानीपुर बड़ेरिया, जीवधरपुर, महुआपार, घाटमपुर, भीटी मिश्र, सरनागी, भटहा सहित कई गांव का भ्रमण कर जायजा लिया और किसानों से संवाद करते हुए फसलों को सुरक्षित रखना के लिए सुझाव दिए। संवाद