लापता किशोरी और दो बच्चों का नहीं मिला सुराग
हर्रैया। कस्बे के एक ही परिवार की लापता किशोरी और दो बच्चों का चौथे दिन भी कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस कस्बे के कई जगहों का सीसीटीवी फुटेज निकाल कर उनके बारे में जानकारी जुटा रही है।
कुछ फुटेज में तीनों एक साथ जाते दिख रहे हैं, लेकिन वे कहां गए, इसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। बृहस्पतिवार को भी कई टीमें खोजबीन में जुटी रहीं। मोबाइल फोन पर ऑनलाइन पढ़ाई के बजाए वीडियो गेम खेलने पर घर में डांट पड़ने के बाद तीनों के लापता होने की बात बताई जा रही है। सीओ हर्रैया शेषमणि उपाध्याय का कहना है कि पुलिस परिवार वालों से लगातार संपर्क में है। पड़ोस के कुछ लोगों से तीनों को जाते देखने की जानकारी दी है।
हर्रैया कस्बे के निवासी हाजी मोहम्मद अमीन इंटर कॉलेज के प्रबंधक अब्दुल रब के परिवार की 14 वर्षीय तनिष्का पुत्री शहजाद, 13 वर्षीय शाहमीन पुत्र मो. शामीनशाद और 12 वर्षीय मोहम्मद गुफरान पुत्र मो. नादिर सोमवार रात को अचानक घर से लापता हो गए। पूरी रात जब बच्चों का कुछ पता नहीं चला तो उनके चाचा अब्दुल रब ने मंगलवार सुबह घटना की सूचना थाने में दी। पुलिस गुमशुदगी दर्ज करते हुए तीनों की खोजबीन में जुट गई। फिलहाल की पुलिस जांच में यह साफ हो गया है कि तीनों एक साथ ही घर से निकले।