निजी अस्पताल में नवजात की मौत पर हंगामा करते परिजन स्रोत सोशल मीडिया
पुरानी बस्ती। शहर के मालवीय रोड स्थित एक निजी अस्पताल के डॉक्टर के लापरवाही से नवजात की मौत का आरोप लगाते हुए शनिवार की सुबह परिवार वालों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। पीड़ित पिता ने सीएम पोर्टल और पुरानी बस्ती थाने पर अस्पताल और डॉक्टर की शिकायत की है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के कटरा मोहल्ला निवासी जयराम का आरोप है कि डॉक्टर ने करीब दो हफ्ते बच्चे का इलाज किया, मगर उसे दिक्कत क्या थी, यह कभी नहीं बताया। बच्चे के पास जाने तक नहीं दिया गया। बच्चे के स्वस्थ हो जाने की बात कहकर बृहस्पतिवार की सुबह डिस्चार्ज कर दिया गया। अगले ही दिन बच्चे की मौत हो गई।
मूलत: गोरखपुर के गगहा के रहने वाले जयराम की ओर से सीएम पोर्टल पर की गई शिकायत के अनुसार, 21 नवंबर को उसकी पत्नी ने मालवीय रोड स्थित एक अस्पताल में जुड़वां बच्चे को जन्म दिया। बच्चों के जन्म लेते ही वहां अस्पताल चौराहा स्थित एक अस्पताल के डॉक्टर अपनी एंबुलेंस से बच्चों को लेते गए। बच्चों में एक बेटी थी, उसे 29 नवंबर को डिस्चार्ज कर दिया गया, जबकि बेटे को भर्ती रखा गया।
बृहस्पतिवार की सुबह यह कहते हुए बच्चे को डिस्चार्ज कर दिया गया कि अब वह स्वस्थ है, जबकि बच्चे के शरीर में कोई हरकत नहीं थी। पूछने पर डॉक्टर ने कहा कि दवा का असर है। कुछ देर में ठीक हो जाएगा। घर ले जाने के बाद भी बच्चे के शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। परिवार वालों का आरोप है कि अस्पताल में पहले भी ऐसे मामले आ चुके हैं, मगर डॉक्टर पैसे और पहुंच की बदौलत मामले को दबा देते हैं।