बस्ती। नेशनल एनक्वास की दो सदस्यीय राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक टीम ने कुदरहा सीएचसी के अधीन संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिर सिसई पंडित का वर्चुअल परीक्षण किया। इस दौरान 12 प्रमुख बिंदुओं पर स्वास्थ्य सुविधाओं का मूल्यांकन किया गया। अन्य बिंदुओं पर भी जानकारी हासिल की गई।
पिछले दिनों सिसई पंडित सेंटर का चयन एनक्वास के लिए हुआ था। नेशनल एनक्वास की टीम ने सोमवार को मूल्यांकन किया। टीम ने सीएचओ अंकिता चौधरी के मोबाइल एप के जरिये सुबह 9.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक वर्चुअल मूल्यांकन के दौरान सेंटर पर उपलब्ध सेवाओं की गहनता से जांच की। इस दौरान वर्चुअल केंद्र का निरीक्षण भी किया। भारत सरकार से नामित डॉ. सतीश प्रजापति और डॉ. एस गोरखनाथ ने स्वास्थ्य केंद्र की आधार भूत संरचना, दवा रख-रखाव और उपलब्धता, जांच घर, टीकाकरण कक्ष, प्रसव पूर्ण जांच केंद्र, परिवार नियोजन कक्ष, बायोमेडिकल बेस्ट प्रबंधन, डाक्यूमेंट्स, मरीजों को मिलने वाली सेवाएं आदि की जांच की। सीएचओ अंकिता चौधरी और एएनएम प्रियंका चौधरी से आवश्यक पूछताछ भी की गई। माह में 400 ओपीडी व 150 से अधिक टेली कंसल्टेंसी पाई गई। बीसीपीएम विनय सिंह, आशा किसमती, इंद्रावती आदि मौजूद रही। संवाद