बस्ती। महिला अधिकारी से दुष्कर्म व हत्या की कोशिश के मामले में फरार निलंबित नायब तहसीलदार के ससुर और साले से पुलिस ने शनिवार को पूछताछ किया। पूछताछ के बाद ससुर को छोड़ दिया। पर, साले को अभी थाने पर रोका गया है। वहीं, परिवार की कुछ महिलाओं को भी थाने लाकर पूछताछ की सूचना थी। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
निलंबित नायब तहसीलदार की तलाश में पुलिस की छह टीमें लगातार दबिश दे रही है। एक टीम हाईकोर्ट प्रयागराज में डेरा डाल दिया है। हालांकि पुलिस को चकमा देकर घनश्याम शुक्ला ने जमानत याचिका दायर कर दी है। पुलिस टीम शनिवार को घनश्याम के गोरखपुर व महराजगंज के घर और ससुराल पहुंची। वहां से कुछ महिलाओं, ससुर और साले को थाने लेकर गई। जहां सभी से पूछताछ की गई। देर शाम को घनश्याम के ससुर को छोड़ दिया गया। वहीं, साले को हिरासत में रखा गया है। हालांकि साले के हिरासत में रखने की बात पर एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने इनकार किया है। उन्होंने कहा कि दोनों से पूछताछ की गई। इसके बाद छोड़ दिया गया।
तीसरे व्यक्ति की भूमिका खंगालने में जुटी पुलिस
महिला अधिकारी, आरोपी अफसर घनश्याम के बीच हुई घटना वाली रात तीसरे व्यक्ति की मौजूदगी पर पुलिस ने चुप्पी तोड़ दी है। उसकी भूमिका और कुंडली खंगाली जाने लगी है। तीसरे व्यक्ति की काल डिटेल निकलवाई जा रही है। इन तीनों में कौन किससे कितने देर तक बात किया इन सब तथ्यों को पता लगाया जा रहा है। पुलिस सूत्र बताते हैं कि जल्द ही तीसरे व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।
विशाखा टीम ने की थी तीसरे व्यक्ति की पुष्टि
17 नवंबर को महिला अधिकारी तहरीर पर नायब तहसीलदार के खिलाफ दर्ज हत्या एवं दुष्कर्म के प्रयास के मामले में डीएम से तीन महिला अधिकारियों की विशाखा टीम गठित की गई थी। जांच रिपोर्ट में घटना वाली रात महिला अधिकारी के सरकारी आवास में एक तीसरे व्यक्ति की मौजूदगी की पुष्टि हुई थी। जिसने महिला अधिकारी के मोबाइल फोन से आरोपी अफसर घनश्याम को व्हाट्सएप कॉल कर अभद्रता की थी।
नहीं पकड़ पाई घनश्याम को पुलिस
केस दर्ज होने के आठ दिन बाद भी पुलिस के हत्थे आरोपी घनश्याम नहीं चढ़ सका है। पुलिस की छह टीमें उसके सभी संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। मगर घनश्याम हाथ नहीं आया। गोरखपुर, महराजगंज, लखनऊ और प्रयागराज तक पुलिस की टीमें दौड़ाई गई है। गिरफ्तारी न होने से सरहद पार नेपाल में उसकी मौजूदगी होने की पुलिस संभावना जता रही है।
ये है मामला
नायब तहसीलदार घनश्याम शुक्ल के साथ कार्य कर रही महिला राजस्व अधिकारी ने 16 नवंबर को आरोप लगाया कि 11/12 नवंबर की रात घनश्याम उनके घर में घुस गए। उनके जबरन दुष्कर्म करने का प्रयास और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। मारपीट और उत्पीड़न भी किया।