दहेज हत्या के आरोप में पति समेत पांच नामजद
परसरामपुर थाने के बनगवा खास का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। परसरामपुर क्षेत्र के बनगवा खास में एक विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार शाही ने बताया कि मृतका के पिता गौरीदीप निवासी मछलीगांव तालुका भिटौरा थाना मनकापुर जिला गोंडा की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।
परसरामपुर क्षेत्र के बनगवा (मलहिया खास) सलेमपुर कुंवर निवासी सूरज की शादी मछलीगांव तालुका भिटौरा थाना मनकापुर जिला गोंडा की रहने वाली सीमा (24) के साथ तीन मार्च 2020 को हुई थी। मृतका सीमा के पिता ने तहरीर में आरोप लगाया है कि शादी के बाद सूरज आए दिन कम दहेज देने की बात को लेकर बेटी को मारता-पीटता था। 16 मई 2022 को सूरज ने उनकी बेटी सीमा जो गर्भवती थी, उसके पेट पर लात मार दी थी। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पति सूरज के अलावा ससुर कृपा, सास कुशमौता, ननद संजू व देवर राजेश के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा कायम कर लिया है।