कुल्हाड़ी से वारकर भट्ठा मजदूर की हत्या
- बुधवार आधी रात की घटना, हत्यारोपी गिरफ्तार
- मुंडेरवा थानाक्षेत्र के भैंसा पांडेय में स्थित है भट्ठा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मुंडेरवा थाने के भैंसा पांडेय गांव में स्थित स्वास्तिक ईंट-भट्ठे पर आपसी झगड़े के बीच मजदूर की कुल्हाड़ी से वार करके हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक मां को धक्का देने से गुस्साए हत्यारोपी ने घटना को अंजाम दिया। मृतक व हत्यारोपी रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। एसएचओ ब्रिजेंद्र कुमार पटेल ने बताया कि आरोपी पंचम गौड़ को भैसा पांडेय मोड़ के पास पुलिया से गिरफ्तार कर लिया गया।
स्वास्तिक ईंट-भट्ठे पर उड़ीसा और छत्तीसगढ़ प्रांत के मजदूर काम करते हैं। मनबोध सुलिया के पुत्र जितेन्द्र सुलिया निवासी कुसुमधरा ब्लॉक बिजाढोल थाना झारबंद जनपद बरगढ़ (उड़ीसा) ने बताया कि बुधवार को वे लोग मुंडेरवा बाजार से रात करीब आठ बजे लौटे। जिसके बाद पिता मनबोध सुलिया से रिश्तेदार पंचम गौड़ निवासी भरकोनी थाना पीठौरा जनपद महासमुन्द (छत्तीसगढ़) के बीच किसी बात पर कहासुनी होने लगी। इस दौरान मनबोध ने पंचम गौड़ की मां को धक्का दे दिया। उस समय पंचम गौड़ के पुत्र व पत्नी ने बीच-बचाव किया। मगर रात करीब साढ़े 11 बजे पिता व पंचम गौड़ में फिर वाद-विवाद होने लगा। उसी दौरान पंचम ने पास में पड़ी कुल्हाड़ी उठाकर पिता मनबोध के सिर में मार दिया। जितेंद्र सुलिया के मुताबिक मौके पर ही उसके पिता मनबोध सुलिया की मौत हो गई। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर छह घंटे के भीतर पंचम गौड़ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।