मानक विहीन सड़क निर्माण का आरोप
- ग्राम पंचायत अधिकारी ने काम बंद कराया
संवाद न्यूज एजेंसी
सिकंदरपुर। परशुरामपुर ब्लॉक क्षेत्र के दौलतपुर गांव में 200 मीटर सीसी मार्ग का निर्माण चल रहा है। बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने गुणवत्ता विहीन मार्ग निर्माण का आरोप लगाया। उन्होंने काम बंद कराने की मांग की। सूचना पर पहुंचे ग्राम पंचायत अधिकारी व अन्य ने कार्य को बंद करा दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि सीसी मार्ग के नीचे दोयम दर्जें की ईंट बिछाकर ऊपर से सीमेंट व मोरंग डालकर ढक दिया जा रहा है। निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता ठीक न होने के कारण निर्माण कार्य बंद कराने की मांग की गई।
दौलतपुर में अच्युतानंद मिश्र के घर से करीब दो सौ मीटर संपर्क मार्ग को क्षेत्र पंचायत निधि से सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है। बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करके काम बंद कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग की ऊंचाई निर्धारित मानक के अनुसार नहीं है और निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री भी ठीक नहीं है।
सूचना पर पहुंचे ग्राम पंचायत अधिकारी कमलेश सिंह, तकनीकी सहायक रामगोपाल यादव व अनिल वर्मा ने निर्माण सामग्री को देखकर काम बंद करा दिया। बीडीओ विवेक मणि त्रिपाठी ने बताया कि कर्मियों को भेजकर निर्माण कार्य बंद करा दिया गया है। मामले की जांच कराकर और मानक अनुरूप निर्माण कार्य कराया जाएगा। मौके पर ग्राम प्रधान प्रेमनाथ कन्नौजिया, धर्मेंद्र कुमार मिश्र, देवकीनंदन मिश्र, बिंदा प्रसाद मिश्र, शीतला प्रसाद आदि मौजूद रहे।