बनकटी। क्षेत्र के कटया सगहरा व दुबौली कला मार्ग पर स्थिति पुलिया बीच से टूट गई है। इससे राहगीरों के लिए मुश्किलें पैदा हो रही है। पुलिया टूटने के कारण किसानों को कृषि यंत्र, अनाज व गन्ना लदी ट्रॉलियां लाने ले जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि 2006-07 में सांसद निधि से इस पुलिया का निर्माण कराया गया था। जो कालांतर में रख-रखाव और मरम्मत के अभाव में अब बीच से टूट चुकी है। राहगीरों को यदि पुलिया टूटने की पहले से जानकारी नहीं है तो वे गड्ढे में गिरकर चोटिल हाे सकते हैं। एक पुलिया कटया सगहरा मार्ग पर कटया गांव के समीप और दूसरी दुबौली कला मार्ग पर इसी गांव के निकट स्थित है।
स्थानीय निवासी शेषराम चौधरी, हनुमान पांडेय, रामू चौधरी, सुभाष चौधरी, राम मिलन आदि ने बताया कि मार्ग टूट चुका है। बिखरी गिट्टियों पर चलना मुश्किल हो रहा है। बीडीओ केदारनाथ कुशवाहा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पुलिया ठीक कराने के लिए उच्चाधिकारियों से पत्राचार किया गया है।