जिले की 2225 आशा कार्यकर्ताओं को मिलेगी कोविड प्रोत्साहन राशि
- कोविड काल में लोगों को सुरक्षित बनाने में निभाई थी अहम भूमिका
- 104 आशा संगिनी को भी मिलेगी प्रोत्साहन राशि
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कोविड काल में लोगों को सुरक्षित बनाने में अहम भूमिका निभाने वाली जिले की 2225 आशा कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहन राशि मिलेगी। उन्हें दो साल की कोविड प्रोत्साहन राशि के रूप में 12 हजार रुपये का भुगतान किया जाएगा। 104 आशा संगिनी भी इस प्रोत्साहन राशि से लाभान्वित होंगी।
सीएमओ डॉ. चंद्रशेखर ने बताया कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं को कोविड नियंत्रण, कोविड टीकाकरण व अन्य कोविड व स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों में दिए गए विशेष योगदान को देखते हुए पहली अप्रैल 2020 से 31 मार्च 2022 तक 24 माह के लिए 500 रुपये प्रतिमाह की दर से विशेष प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जा रहा है। राज्य सरकार ने इसके लिए बजट जारी कर दिया है। यह राशि आशा के खाते में भेजी जा रही है। संविदा पर कार्यरत सभी एएनएम को भी 10 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि मिलेगी। भानपुर सीएचसी अंतर्गत बाकीचोर गांव की आशा कार्यकर्ता अंगूरा, बनकटी ब्लॉक के बसौढ़ी गांव की आशा संगीता गुप्ता व रुधौली के परसा तिवारी गांव की संगिनी पूनम ने बताया कि कोविड काल में उन लोगों ने जिस जिम्मेदारी का निर्वहन किया था, उसका इनाम उन्हें सरकार से मिला है। वह लोग अपने दोगुने उत्साह से विभागीय कार्य में हिस्सा लेंगी।
---
घर-घर जाकर मरीज की कर रही थीं पहचान
कोरोना जब चरम पर था और जब लोगों ने खुद को घरों तक सीमित कर लिया था, उस समय आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य का हालचाल ले रही थीं। अगर किसी में कोरोना के लक्षण मिलते थे तो उसे जांच कराने की सलाह दे रही थीं। इसके अलावा होम आईसोलेशन में रह रहे मरीजों पर नजर रखने, गैर प्रांत से आने वाले लोगों की सूचना समय पर अधिकारियों को उपलब्ध कराने, संभावित मरीज की जांच कराने सहित अन्य जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया। कोविड टीकाकरण की प्रगति में आशा का बड़ा योगदान रहा है। स्वास्थ्य विभाग की इस सबसे आखिरी व अहम कड़ी की मदद से ही इतनी जल्दी कोरोना पर काबू पाया जा सका।
---
नियमित गतिविधियों में शामिल आशा होंगी हकदार
विशेष प्रोत्साहन राशि उन आशा कार्यकर्ताओं को देय होगी, जिन्होंने शासनादेश के तहत पहली अप्रैल 2020 से 31 मार्च 2022 के मध्य कोविड नियंत्रण, कोविड टीकाकरण व अन्य कोविड संबंधी गतिविधियों में योगदान दिया है। इसी के साथ संबंधित माह में नियमित गतिविधियों में भी हिस्सा लिया है। उन्हें इसके तहत पूर्ण या आंशिक भुगतान किया गया हो। 12 हजार रुपये एकमुश्त भुगतान किया जाएगा। आशा विशेष प्रोत्साहन राशि संबंधी वाउचर एएनएम से सत्यापित कराकर सीएचसी पर बीसीपीएम को प्रस्तुत करेंगी।