बस्ती। समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित शादी अनुदान योजना में आए ऑनलाइन आवेदनों की भौतिक सत्यापन के बाद पात्र मिले लाभार्थियों के खाते में 1.28 करोड़ रुपये की रकम भेज दी गई है। योजना का लाभ पाकर बाबुल के चेहरे खिल उठे हैं।
बताया गया कि योजना के तहत चालू सत्र में सामान्य वर्ग में तीन सौ से ज्यादा आवेदन आ चुके हैं। जिसमें से 238 की जांच प्रक्रिया पूरी होने पर उनके खाते में 47 लाख 60 हजार रुपये भेजे गए। वहीं, अनुसूचित जाति वर्ग में 400 आवेदन आ चुके हैं, जिसमें से अभी तक जांच प्रक्रिया में 304 पात्र मिले हैं। इन लाभार्थियों के खाते में 60 लाख 80 हजार रुपये भेजे गए। विभाग के अनुसार, बेटी की शादी तय करने पर सरकार की ओर से 20 हजार रुपये का आर्थिक सहयोग दिया जाता है। यह धनराशि कन्या के पिता के खाते में भेजा जाता है। योजना को लेकर जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव ने बताया कि पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग से यह योजना पहले से ही चलाई जाती है। साथ ही समाज कल्याण विभाग की ओर से अब सामान्य और अनुसूचित जाति के गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों को भी इसमें शामिल किया गया है। योजना के तहत प्रदेश सरकार समाज कल्याण विभाग के माध्यम से शादी अनुदान में गरीबों को उनकी बेटी के हाथ पीले करने के लिए 20 हजार रुपये की रकम देती है। उन्होंने बताया कि बेटी की शादी तय करने के बाद योजना का लाभ पाने को ऑनलाइन आवेदन करना होगा।