कार्ययोजना में शामिल होने के बाद एस्टीमेट बनाने में जुटा बीडीए
12 मीटर चौड़ी सड़क का होगा नवीनीकरण, डिवाइडर की होगी मरम्मत
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मालवीय मार्ग के निर्माण का रास्ता साफ हो चुका है। बरसात खत्म होने का इंतजार है। इसके बाद निर्माण शुरू हो जाएगा। बीडीए इस मार्ग को अपनी कार्ययोजना में शामिल करने के बाद एस्टीमेट बनाने में जुट गया है। 12 मीटर चौड़ी इस सड़क को दो किमी की लंबाई में चमकाया जाएगा।
पांच साल से मालवीय मार्ग का मरम्मत नहीं कराया गया है। जबकि शहर की यह प्रमुख सड़क है। फव्वारा तिराहे से लेकर रोडवेज तक दो किमी लंबाई में यह सड़क चलने लायक नहीं है। बारिश के दिनों में तालाब जैसी शक्ल कई जगहों पर दिखने लगती है। नगर पालिका ने बजट के अभाव में इस सड़क के मरम्मत से हाथ खड़े कर लिए। इसके बाद बीडीए ने इस सड़क के नवीनीकरण का बीड़ा उठाया।
हाल ही में प्राधिकरण की बैठक में मालवीय मार्ग के नवीनीकरण को कार्ययोजना में शामिल करने पर मुहर लगी है। इसके बाद बीडीए ने निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी है। बीडीए की तरफ से इस सड़क के नवीनीकरण के लिए एस्टीमेट तैयार कराया जा रहा है। हॉट मिक्स प्लांट से यह सड़क बनाई जानी है। बरसात का सीजन खत्म होने के बाद सड़क निर्माण शुरू होने की उम्मीद है।
...
चमकाया जाएगा डिवाइडर
फव्वारा तिराहे से रोडवेज मालवीय मार्ग के बीचोबीच स्थिति डिवाइडर भी खस्ताहाल है। जगह-जगह रेलिंग टूट गई है। कहीं-कहीं ईंट भी गायब हैं। बैरियहवां, ब्राह्मण महासभा के पास क्षतिग्रस्त सड़क के साथ डिवाडर टूटकर सड़क की तरफ लटक गए हैं। वाहनों को लटके हुए लोहे के रेलिंग से बचकर निकलना पड़ता है। बीडीए के नए एस्टीमेट में डिवाइडर का मरम्मत भी शामिल है। इसे रंगरोगन कर चमकाया जाएगा। इस पर यातायात सुरक्षा की दृष्टि से रेफलेक्टर लगेंगे। इन कार्यों पर 2.32 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
...
कार्ययोजना में फुटपाथ का निर्माण शामिल नहीं
बीडीए की कार्ययोजना में सिर्फ मालवीय मार्ग की सड़क का नवीनीकरण और डिवाइडर के मरम्मत का कार्य ही शामिल नहीं हैं। इसके अलावा दोनों तरफ फुटपाथ का निर्माण नहीं शामिल है। दोनों तरफ डेढ़-डेढ़ मीटर इंटरलॉकिंग फुटपाथ भी छह साल पहले बनाया गया था। इसमें बीच-बीच में हरियाली की व्यवस्था थी। मगर, न पेड़ बचे और न ही फुटपाथ। झाड़-झंखाड़ इस कदर उग आए हैं कि फुटपाथ उसमें गुम हो गया। इंटरलॉकिंग उखड़ चुकी है। फुटपाथ पैदल चलने लायक नहीं बचा है।
...
कोट
मालवीय मार्ग का नवीनीकरण और डिवाइडर की मरम्मत कार्य के लिए एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू करा दी जाएगी। बरसात बाद निर्माण शुरू होने की पूरी उम्मीद है।
-संदीप कुमार, एक्सईएन, बीडीए