लाइसेंसी असलहों को जमा कराने के लिए शख्त हुई पुलिस
बस्ती। भयमुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण में विधानसभा चुनाव संपन्न कराने के लिए थानेदारों से कहा गया है कि वे अपने क्षेत्रों में लाइसेंसी असलहों का मालखाने में जमा करा कर वारंटियों की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित कराएं। अन्यथा दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। सभी क्षेत्राधिकारियों को अपने क्षेत्र के थानों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। बुधवार को एसपी आशीष श्रीवास्तव ने अब तक की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए।
जिले के शस्त्र लाइसेंसधारकों से एसपी ने अपील की है कि या तो वे थाने में अपना शस्त्र जमा करा दें अथवा किसी भी दुकान पर जमा कराने के बाद उसकी रिपोर्ट थाने में जमा कर दें। एसपी ने मातहतों को बताया कि वे जल्द से जल्द 107/116 सीआरपीसी के तह कार्रवाई करते हुए असामाजिक गतिविधियों में लिप्त लोगों को पाबंद करें। लाइसेंसी शस्त्रों को शत-प्रतिशत मालखाने में जमा कराना सुनिश्चित किया जाए। गैर जमानती वारंटियों को तत्काल गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करें। उन्होंने अभियान चलाकर अवैध शराब की बरामदगी और अवैध शस्त्रों की बरामदगी का निर्देश दिया। लाइसेंसी शस्त्र धारक लोकसभा के प्रत्याशियों के साथ कदापि इसका प्रदर्शन न करने पाएं। ताकि थाना क्षेत्रों में आदर्श चुनाव आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराया जाना सुनिश्चित किया जा सके।