सीएचसी कप्तानगंज में इलाज कराते सपा नेता माता प्रसाद पांडेय। संवाद
बस्ती। विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और इटवा विधायक माता प्रसाद पांडेय रविवार को बस्ती-लखनऊ फोरलेन पर गोटवा के पास हुए सड़क हादसे में चोटिल हो गए। वाहन के सामने अचानक एक ट्रक आ जाने से उनके वाहन चालक के अचानक ब्रेक लगाने से माता प्रसाद पांडेय के बाएं हाथ में चोट लगी। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत उन्हें सीएचसी कप्तानगंज पहुंचाया। सीओ संजय सिंह ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद नेता प्रतिपक्ष अपने सुरक्षा कर्मियों के साथ लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
जिले के इटवा विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक माता प्रसाद पांडेय वर्तमान में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष है। वह कई बार विधायक, स्वास्थ्य और श्रम मंत्री के अलावा विधानसभा अध्यक्ष के पद पर भी रह चुके है। वह रविवार को गृह जनपद से बस्ती होते हुए लखनऊ जा रहे थे। इसी बीच बस्ती में सड़क हादसा हो गया, जिसमें उन्हें हाथ में मामूली चोट आई है। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने बताया कि हाथ में चोट लगी है, जिससे त्वचा में खिंचाव आ गया है। इलाज के बाद वह बस्ती से रवाना हुए और अयोध्या में कुछ देर रुकने के बाद लखनऊ के लिए निकल गए। हादसे की जानकारी मिलते ही चिंतित हुए शुभचिंतकों ने फोन कर उनका हाल जानने में जुट गए।
अस्पताल की व्यवस्था देख भड़के नेता प्रतिपक्ष
बस्ती जिले के सीएचसी कप्तानगंज में इलाज कराने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय अस्पताल की व्यवस्था देखकर भड़क गए और डॉक्टरों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने बताया कि प्राथमिक इलाज केवल फार्मासिस्ट और वार्ड ब्वाय के सहारे ही हो रहा है, जबकि डॉक्टरों का सहयोग न के बराबर था। उन्होंने इसकी शिकायत स्वास्थ्य मंत्री से करने की बात कही। मौके पर सीएचसी प्रभारी डॉ. अनूप कुमार मौजूद रहे।