आसमान में छाए बादल, किसानों की उड़ी नींद
बारिश हुई तो फसल खराब होने का सता रहा है डर
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, फिलहाल बारिश की नहीं है संभावना
धूप हल्की होने से उपज सुखाने में आ रही है दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। आसमान में इन दिनों बादल छाए हुए हैं। इससे किसान परेशान हैं। कारण कि कुछ स्थानों पर धान की फसल पककर खेत में खड़ी है या कटाई के बाद सुखाई जा रही है। ऐसे में यदि हल्की बूंदाबांदी होने पर उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता है।
रविवार को दिनभर बादल होने के कारण धूप-छांव की स्थिति बनी रही। यह देखकर किसान परेशान हैं। कारण कि उनकी उपज सूखने के लिए खलिहान में पड़ी है या कटाई के लिए तैयार है। सदर ब्लॉक के गौरा निवासी प्रगतिशील किसान राममूर्ति मिश्रा बताते हैं कि यदि बारिश हुई तो उपज के दाने काले पड़ जाएंगे। जिससे उनकी गुणवत्ता घट जाएगी। दूसरी ओर रबी सीजन की बुवाई पर भी बारिश असर डालेगी और समय पर फसलों की बुवाई नहीं हो पाएगी। मुंडेरवा के रामनवल, भानपुर के दिवाकर किसान, बड़वन के भृगु चौधरी ने भी बारिश होने की दशा में फसल खराब होने की आशंका जताई।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज, अयोध्या के मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र बताते हैं मौसम में बदलाव के कारण धीरे-धीरे तापमान कम हो रहा है और धूप भी हल्की हो रही है। जिससे किसानों को धान की उपज सुखाने में दिक्कतें आ रही हैं। बादल छाए रहने से किसान परेशान न हों फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। हवा सामान्य गति से पश्चिम की ओर से चलेगी। तापमान अधिकतम 32.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 15 डिग्री रहने की संभावना है।