किशोर की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई
रुधौली। नगर पंचायत के बालेश्वरी नगर वार्ड में मंगलवार को 14 वर्षीय किशोर की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन में खलबली मच गई। जानकारी होने पर जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल भी पहुंचीं और वार्ड में बनाए गए कंटेनमेन जोन का निरीक्षण किया। डीएम ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अवनीश सिंह को आसपास के लोगों की आरटीपीसीआर जांच कराने के निर्देश दिए।
बालेश्वरी नगर वार्ड के एक व्यवसायी के 14 वर्षीय बच्चे की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसकी सूचना जिलाधिकारी को दी गई थी। मंगलवार को निरीक्षण के लिए पहुंची जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी अवनीश सिंह और चेयरमैन धीरसेन निषाद से नगर पंचायत क्षेत्र में टीकाकरण के स्थिति के बारे में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्धारित प्रोटोकाल का पालन किया जाए। कंटेनमेन जोन में आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रखा जाए।
आसपास के लोगों की आरटीपीसीआर की जांच कराई जाए। चेयरमैन ने बताया कि नगर पंचायत में 18 वर्ष से ऊपर के लगभग 85 प्रतिशत लोगों का टीकाकरण हो चुका है। अब वही लोग शेष बचे हैं, जिनके मन में टीकाकरण को लेकर विभिन्न तरह का भय व्याप्त है। अब तक टीकाकरण सब बच्चे सभी व्यक्तियों की सूची बनाने के लिए निर्देशित किया।
इस मौके पर सीएमओ डॉ. अनूप कुमार, एसडीएम नीरज प्रसाद पटेल, तहसीलदार प्रमोद कुमार, प्रभारी चिकित्साधिकारी, बीडीओ विमला, प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा, दुर्गेश मल्ल, ग्राम प्रधान, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, आशा, एएनएम, ग्राम सचिव, लेखपाल भी मौजूद रहे।