कांवड़ मेले की इजाजत नहीं, फिर भी पुलिस अलर्ट
बस्ती। आगामी श्रावण मास के परिप्रेक्ष्य में पुलिस महानिरीक्षक आशुतोष कुमार ने बृहस्पतिवार को परिक्षेत्र के भदेश्वरनाथ और जनपद संतकबीरनगर के बाबा तामेश्वरनाथ मंदिर जाकर प्रबंध का निरीक्षण किया। दोनों प्रमुख मंदिरों के परिसर, गर्भगृह और भक्तों के कतार वाली जगह पर मुआयना किया। मंदिर के प्रमुख मार्गों का भी जायजा लिया।
कोरोना संक्रमण के कारण इस बार श्रावण मेले की शासन और प्रशासन ने इजाजत नहीं दी है। कांवड़ मेला आयोजित करने पर भी प्रतिबंध है। बावजूद इसके श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओ के जलाभिषेक करने का अनुमान है। यहां भदेश्वरनाथ में पूर्वांचल का सबसे बड़ा कांवड़ मेला लगता है। पूरे मंडल के श्रद्धालु अयोध्या नए घाट से सरयू का जल भरकर कांवड़ के रूप में भदेश्वरनाथ आते हैं। आईजी ने बताया कि सावन महीने में लोगों के जल चढ़ाने के लिए मंदिर पर पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में प्रबंध किया जाएगा।