संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त देवरिया क्रिकेट लीग में मंगलवार को दो मैच खेले गए। पहले मैच में देवरिया एकेडमी रजला रोड ने पेस बॉलिंग एकेडमी बैतालपुर को 247 रन से करारी शिकस्त दी।
जबकि दूसरे मैच में कमला एकेडमी देवरिया ने सहोदरा देवी एकेडमी सलेमपुर ब्लू को 364 रन के अंतर से हराया। इसमें कमला एकेडमी के देवांश शुक्ला ने 124 गेंद पर 34 चौके और दो छक्के की मदद से नाबाद 223 तथा अमर्त्य ने भी नाबाद 122 रन की पारी खेली।
पहला मैच स्पोर्ट्स स्टेडियम में देवरिया एकेडमी और पेस बॉलिंग क्रिकेट एकेडमी बैतालपुर के बीच खेला गया। पेस बॉलिंग एकेडमी के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। निर्धारित 35 ओवर के मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी देवरिया एकेडमी ने पांच विकेट के नुकसान पर 313 रन बनाए। शेखर साहनी ने 75 गेंद पर 15 चौका एवं तीन छक्कों की मदद से 117, सुल्तान रजा ने 22 गेंद पर 11 चौका व एक छक्के से 55 रन बनाए। दिलीप राजभर ने 40, आकाश चौधरी ने 37, अभिजीत मिश्रा ने 20 तथा सूर्यांश यादव ने 13 रन का योगदान दिया। बैतालपुर की तरफ से गेंदबाजी करते हुए निखिल पासवान एवं शिवम यादव ने दाे-दो तथा आशुतोष मिश्रा ने एक विकेट झटके। 314 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पेस बॉलिंग एकेडमी बैतालपुर की टीम 18.3 ओवर में 66 रन पर ऑल आउट हो गई, जिसमें रजनीश विश्वकर्मा ने 33 तथा आशुतोष मिश्रा ने 10 रन का योगदान दिया। विपक्षी टीम से गेंदबाजी करते हुए शेखर साहनी ने चार, वारिश ने तीन तथा दीपक कुमार ने दो विकेट प्राप्त किए। मैच में हरफनमौला प्रदर्शन करने वाले देवरिया एकेडमी के शेखर साहनी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अमित तिवारी ने प्रदान किया।
दूसरा मैच बरहज स्थित बीआरडी बीडी पीजी कॉलेज ग्राउंड मेंं कमला एकेडमी और सहोदरा देवी एकेडमी सलेमपुर ब्लू के बीच खेला गया। कमला क्रिकेट एकेडमी के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 35 ओवर में बिना विकेट गंवाए 404 रन बनाए। देवांश शुक्ला ने 124 गेंद पर 34 चौके और दो छक्के की मदद से नाबाद 223 तथा अमर्त्य ने भी नाबाद 122 रन का योगदान दिया।
405 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सहोदरा देवी एकेडमी सलेमपुर ब्लू 20 ओवर में 40 रन पर ही सिमट गई। आलम यह रहा कि टीम का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। विपक्षी टीम से गेंदबाजी करते हुए सुगंध पांडेय ने चार, विकास तिवारी ने तीन, अमर्त्य ने दो तथा आदित्य कुमार सिंह ने एक विकेट प्राप्त किया।
मैच में शानदार दोहरा शतक लगाकर जीत में अहम योगदान देने वाले देवांश शुक्ला को मैन ऑफ द मैच चुना गया गया। मैच के दौरान देवरिया क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष/प्रभारी सचिव नागेंद्र त्रिपाठी, वरिष्ठ संयुक्त सचिव कलाम खान, क्रिकेट कोच शाने हबीब, पवन कुमार, शैलेंद्र प्रताप सिंह रंजीत चौहान सहित अन्य सीनियर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।