संवाद न्यूज एजेंसी
बभनान (बस्ती)। गोरखपुर-गोंडा रेल खंड के बभनान रेलवे स्टेशन के निकट स्थित समपार फाटक संख्या 222/ए पर शुक्रवार को अचानक लंबा जाम लग गया। ऐसे में गोरखपुर से मुंबई जाने वाली अवध एक्सप्रेस को आउटर सिग्नल पर रोकना पड़ा। गेटमैन की सूचना पर आरपीएफ पहुंची और जाम हटवाया। तब जाकर गेट बंद हुआ और सिग्नल मिलने के बाद ट्रेन बभनान रेलवे स्टेशन पर पहुंची।
गेटमैन ने बताया कि 3.17 बजे गेट बंद करने के लिए स्टेशन से संकेत दिया गया। इस वक्त जाम लगा था। ट्रैक खाली होने के बाद गेट 3.30 बजे बंद किया जा सका। स्टेशन अधीक्षक निरंजन यादव ने बताया समपार फाटक पर जाम की सूचना मिली थी। सूचना पर आरपीएफ के जवानों को भेजा गया। जवानों व प्वाइंट मैन ने मशक्कत के बाद ट्रैक खाली कराया। तब जाकर गेट बंद हुआ। इस कारण करीब 13 मिनट तक बांद्रा आउटर सिग्नल पर ही खड़ी रही। उन्होंने बताया कि आए दिन गेट पर जाम लग जाता है जिससे ट्रेनों को आउटर पर ही रोकना पड़ता है।
बभनान में रेलवे फाटक पर लगा जाम- फोटो : BASTI