अंतर्जनपदीय बदमाश तमंचे के साथ गिरफ्तार
बस्ती। हत्या, लूट, छिनैती, ट्रैक्टर चोरी, पुलिस पर हमला समेत डेढ़ दर्जन गंभीर आपराधिक घटनाओं में लिप्त बताए जा रहे अंतर्जनपदीय अपराधी देवमणि उर्फ हुकुम सिंह को थाना कप्तानगंज पुलिस व एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। क्षेत्र के अचकवा पुल बैहार पंण्डूल रोड से पकड़े गए इस आरोपित के पास से पुलिस ने 12 बोर तमंचा, दो कारतूस बरामद किया।
पुलिस कार्यालय के अनुसार प्रभारी निरीक्षक कप्तानगंज श्री राणा देवेन्द्र प्रताप सिंह तथा एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम प्रभारी गजेन्द्र प्रताप सिंह की टीम ने उसे पकड़ा। दुबौलिया थानाक्षेत्र के दरियौना निवासी हुकुम सिंह दुबौलिया थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। पुलिस के मुताबिक हुकुम सिंह पर बस्ती और लखनऊ जनपद में डेढ़ दर्जन मुकदमे पंजीकृत हैं। वर्ष 1999 में उसके खिलाफ पहला मुकदमा दुबौलिया थाने में मारपीट का दर्ज हुआ था। 2010 में उस पर चोरी और चोरी के माल की बरामदगी का मुकदमा इसी थाना क्षेत्र में दर्ज किया गया। 2013 में छावनी थाने में इस पर आर्म्स एक्ट औरी चोरी और चोरी के माल की बरामदगी का मुकदमा दर्ज हुआ। इसी साल इस पर दुबौलिया थाने में गैंगेस्टर एक्ट लगा। इसके बाद इस पर लगातार आपराधिक मुकदमे छावनी, कोतवाली, कलवारी थाने में दर्ज होते गए। इसी साल लखनऊ के सरोजनी नगर में इसके खिलाफ हत्या का मुकदमा पंजीकृत हुआ। सरोजनी नगर थाने में इसके पूर्व इसके खिलाफ दो अन्य मुकदमे पंजीकृत हैं। पुलिस रिकार्ड के मुताबिक उसके विरुद्घ आखिरी मुकदमा 2017 में दुबौलिया थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ था।