200 उपभोक्ताओं को सात घंटे बाद मिली बिजली
उमस भरी गर्मी में बिना बिजली के काटी रात
संवाद न्यूज एजेंसी
बभनान। नगर पंचायत के दीनदयाल नगर व चंद्रशेखर आजाद नगर वार्ड के बीच बिजली तार टूट कर खंभे की गार्डिंग पर गिर गया। जिससे घरों में हाई वोल्टेज की सप्लाई होने लगी। जिससे तमाम उपभोक्ताओं के घरों के उपकरण फुंक गए। उपभोक्ता उपकेंद्र व अवर अभियंता को फोन करने लगे लेकिन सभी का फोन स्वीच ऑफ मिला।
जानकारी के अनुसार, गन्ना समिति के पास 400 केवीए ट्रांसफार्मर लगाकर करीब 200 उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति दी जाती है। डॉ. कार्तिकेय शुक्ला ने बताया कि हाई वोल्टेज के कारण घर के अंदर पंखा, स्टेबलाइजर, मोटर, बल्ब आदि खराब हो गया।
उन्होंने बताया कि इसकी सूचना पावर हाउस को देने के लिए फोन किया लेकिन बंद मिला। अवर अभियंता का भी फोन आफत के समय बंद रहता है। सोनी गुप्ता ने बताया कि पावर हाउस पर जाकर तार टूटने की सूचना दिया इसके बावजूद टूटे तार को ठीक नहीं किया जा सकता।
उन्होंने बताया कि हाई वोल्टेज के कारण पंखा, स्टेबलाइजर व अन्य उपकरण जल गए। टूटे तार को 7 घंटे बाद बृहस्पतिवार की सुबह ठीक किया जा सका। अवर अभियंता राजेश गुप्ता ने बताया कि टूटे तार को दुरुस्त करा दिया गया है।