बस्ती। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत सभी कर्मचारियों को होली से पहले मानदेय भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।वहीं आशा कार्यकर्ताओं व संगिनी के इंसेंटिव के भुगतान के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोएल ने इस बाबत पत्र सीएमओ को जारी किया है। पत्र में स्पष्ट किया है कि कर्मचारियों का मानदेय संबंधी उपस्थिति 20 फरवरी तक अनिवार्य रूप से भेज दिया जाए और संबंधित अधिकारी 25 फरवरी तक एसएनए पोर्टल पर उपस्थिति और भुगतान संबंधी विवरण अनिवार्य रूप से अपडेट कर दें, ताकि समय से प्रक्रिया पूरी कर होली से पहले सभी कर्मियों के खातों में मानदेय भेजा जा सके।
सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने बताया कि मिशन निदेशक की ओर से पत्र जारी किया गया है। उसके आधार पर एनएचएम के तहत कार्यरत कर्मचारियों, डॉक्टरों के साथ आशा कार्यकर्ता व संगिनी के इंसेंटिव भुगतान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इस बाबत सभी एमओआईसी के साथ डीपीएम को भी निर्देश दिए गए हैं। संवाद