तालाब में शव मिलने की सूचना पर जुटी भीड़ और जांच करती पुलिस।
- फोटो : BASTI
तालाब में मिला युवती का शव
संतकबीरनगर के दुधारा थाने के करही निवासी अजरा के रूप में हुई पहचान
मानिकचंद (बस्ती)। वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के कोडरी गांव के मछली पालन वाले तालाब में एक युवती का सड़ा हुआ शव रविवार सुबह मिला। शव मिलने की सूचना पर लोगों की भीड़ जुट गई। थानाध्यक्ष दुर्विजय मय फोर्स व फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को तालाब से बाहर निकलवाया।
थानाध्यक्ष दुर्विजय कुमार ने बताया कि शव को तालाब से बाहर निकलवाने का प्रयास किया ही जा रहा था कि इटौआ के मजदूर राम बहादुर राजभर व कटहरा के शेषराम राजभर तालाब में कूद गए और शव को बाहर निकाला। शव की शिनाख्त संतकबीरनगर जिले के दुधारा थानाक्षेत्र के करही गांव निवासी 23 वर्षीय अजरा खातून पुत्री एजाज अहमद के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष का कहना है कि मृत्यु के कारणों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
29 अक्तूबर से लापता थी युवती
संतकबीरनगर जिले के दुधारा थानाक्षेत्र के करही गांव की 23 वर्षीय अजरा खातून तीन भाइयों में सबसे छोटी थी। उसके जन्म के क़ुछ दिन बाद ही मां-बाप की मौत हो गई थी। इसके बाद सोनहा थानाक्षेत्र के सेहमो गांव निवासी मौसा जऊआद अली ने अपने घर लाकर उसकी परवरिश की। 29 अक्तूबर सुबह पांच बजे वह अचानक घर से लापता हो गई। उसके मौसा-मौसी दिन भर ढूंढते रहे। न मिलने पर 29 अक्तूबर की शाम सोनहा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।