हर्रैया क्षेत्र के जमुनीपुर गांव में रविवार दोपहर हुई घटना
26 अप्रैल को तय थी रीमा की शादी, खरीदारी करने गए थे माता-पिता
संवाद न्यूज एजेंसी
हर्रैया। जमुनीपुर गांव में रविवार दोपहर को एक युवती का शव गांव के पश्चिम बाग में पेड़ से लटका मिला। कुछ लोगों की नजर पड़ी तो खबर पूरे गांव में फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकरी के अनुसार, जमुनीपुर निवासी सुभाष उर्फ हजारी कनौजिया के चार संतानें हैं। दो बेटी व दो बेटे हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। एक भाई रोजी रोजगार के सिलसिले में बाहर रहता है। दूसरे नंबर की रीमा (22) की शादी 26 अप्रैल को तय थी। शादी की तैयारियों को लेकर बड़ी बहन भी मायके आई हुई है। सुभाष अपनी पत्नी के साथ विवाह के सामान की खरीदारी करने बभनान बाजार गए थे। घर पर बड़ी बेटी के साथ छोटा बेटा गोलू व बेटी रीमा थी।
गोलू के मुताबिक रीमा सुबह करीब 11 बजे घर से निकल कर कुछ ही दूर पर खेत में लगे बोरिंग मशीन के पास गई। खेत में तीन चार पेड़ लगे हैं। जब वह देर तक नहीं लौटी तो भाई उसे देखने उस तरफ गया तो रीमा को पेड़ की डाल में फंदे से लटका देख घबरा गया। इसके बाद उसने बड़ी बहन को बताया तो वह भी रोते हुए खेत की तरफ भागी।
मोबाइल फोन पर घटना के बारे में पिता को जानकारी दी। उस समय दुकान पर गद्दा-चादर खरीद रहे थे। भागते हुए घर पहुंचे तो मंजर देख बदहवास हो उठे। थोड़ी ही देर में मां भी घटना स्थल पर पहुंची और बच्चों से लिपटकर रोने बिलखने लगी। मौके पर पहुंची पुलिस को शव को उतारकर थाने ले गई। रीमा के पास एक मोबाइल फोन रहता था जो मौके पर नहीं मिला। उसका स्वीच भी बंद जा रहा था। एसएचओ राना देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।