बस्ती। जिला स्तरीय गायत्री परिवार की ओर से जीआईसी के बहुउद्देशीय हाल में शांतिकुंज हरिद्वार के प्रतिनिधियों की ओर से जिला स्तरीय कार्यकता गोष्ठी का आयोजन किया गया।
गोष्ठी में आगामी 27 से 30 नवंबर तक होने वाले राष्ट्र जागरण गायत्री महायज्ञ एवं प्रज्ञा पुराण कथा की तैयारियों पर विचार विमर्श किया गया। शांतिकुंज के प्रतिनिधि जय प्रकाश वर्मा ने कहा कि मनुष्य में देवत्व के उदय के लिए गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गुरुदेव आचार्य श्रीराम शर्मा की युग निर्माण योजना समग्र में मूर्तिमान होगी। धरती पर स्वर्ग का अवतरण साकार करने के लिए गायत्री यज्ञ का सद्ज्ञान घर घर तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में बस्ती की पावन धरती पर पहली बार युवाओं के प्रेरणास्रोत प्रतिकुलपति देव संस्कृति विश्वविद्यालय, शांतिकुंज हरिद्वार के चिन्मय पांडया समेत कई विभूतियों के पधारने की स्वीकृति मिली है।
कार्यक्रम में बस्ती समेत पूरे पूर्वांचल से गायत्री परिवार समेत अन्य श्रद्धालु शामिल होंगे। गोष्ठी में भोजनालय, आवास, यज्ञशाला, वित्त प्रबंधन आदि समितियों का गठन किया गया।