चार-पांच दिन ठंड से राहत के आसार कम
बस्ती। पछुआ सर्द हवा के चलते सोमवार को गलन फिर बढ़ गई। मौसम विशेषज्ञ बताते हैं कि अभी चार-पांच दिनों तक ठंड से राहत के आसार नहीं हैं।
बरसात के मौसम में बारिश कराने वाले पश्चिमी विक्षोभ ने सर्दी के मौसम में दखल बढ़ा दिया है। जम्मू-कश्मीर और हिमालय की ओर से आने वाली विक्षोभ की हवाओं के कारण सोमवार को फिर कड़ाके की ठंड पड़ी। कोहरा पूरे दिन छाया रहा, जिसने समूचे जनजीवन को बेहाल करके रख दिया। पूरे दिन धूप नहीं निकली। न्यूनतम तापमान तो सात डिग्री सेल्सियस पर पहुंच ही गया, अधिकतम तापमान भी 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि विक्षोभ के कारण तीन-चार दिन तक इसी तरह से कड़ाके की ठंड पड़ेगी। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज, अयोध्या के मौसम विज्ञानी डॉक्टर अमरनाथ मिश्र के मुताबिक, आगामी 24 घंटे तक सामान्य गति से पछुआ हवा चलेगी। यदि हवा तेज न चली तो वातावरण में 85 फीसदी आर्द्रता होने की वजह से कोहरा भी बना रहेगा। मंगलवार को भी अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बदलाव न होने के आसार हैं। रविवार को दिन में दो बजे के बाद करीब 15 मिनट के लिए सूर्यदेव के दर्शन हुए थे। मगर सोमवार को पूरे दिन कोहरा और धुंध छाई रही।