कप्तानगंज (बस्ती)। सरैया मिश्र गांव के गैंगस्टर शिवा की खुदकुशी के पीछे विपक्षियों की धमकी की बात सामने आ रही है। उसके भाई और परिवार के लोगों का कहना है कि उसे विपक्षियों की धमकी के डर से उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतक सूर्य प्रकाश उर्फ शिवा के भाई ओम प्रकाश की तहरीर पर छह नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें जेल भिजवा दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
कप्तानगंज थानाक्षेत्र के सरैया गांव का शिवा चोरी आदि के मामले में कई बार जेल भेजा जा चुका है। उसके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई भी की जा चुकी है। बृहस्पतिवार 26 जून की रात लेनदेन के विवाद में शिवा पुत्र सुभाष चंद्र और उनके पड़ोसी दयाराम में कहासुनी हुई। शिवा के भाई ओम प्रकाश के मुताबिक, दयाराम के परिवार के कई लोग उसके पूरे परिवार को मारे-पीटे और जमकर तांडव मचाया। सूचना पर डायल 112 की पीआरवी और थाने से सिपाही मौके पर पहुंचे। समझा-बुझाकर दोनों पक्षों को अगले दिन थाने पर बुलाकर चले गए थे।
शुक्रवार को दोनों पक्षों के एक-दो लोग थाने पर गए मगर शिवा की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई। उल्टे दयाराम ने कई गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दे दी। उसके भाई के अनुसार, शिवा को डर हो गया था कि उसे केस में फंसाकर जेल भिजवा दिया जाएगा। आरोपी उसे धमकी भी दे रहे थे, जिससे आहत होकर शुक्रवार दोपहर बाद शिवा ने कमरे में फंदा लगा लिया।
पुलिस ने पड़ोसी सीताराम, बुधराम, दयाराम व सुगुना पत्नी बुधराम सहित छह नामजद और अन्य अज्ञात के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी सीताराम, बुधराम, दयाराम और सुगना को शनिवार की दोपहर बाद गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी है।