विदेशी करेंसी के नाम पर ठगी करने वाला अंतरजनपदीय गैंग के चारों आरोपी- पुलिस
बस्ती। विदेशी करंसी के नाम पर लोगों को लाखों रुपये का चूना लगाने वाले अंतर जनपदीय गिरोह गिरोह के चार गुर्गाें को कोतवाली पुलिस ने धर दबोचा है। इसके कब्जे से मोबाइल, सिम कार्ड, नकदी, विदेशी मुद्रा समेत कूटरचित दस्तावेज बरामद किए गए हैं। आरोपियों में से दो पश्चिम बंगाल, एक बिहार और एक गाजियाबाद का रहने वाला है। यह विदेशी नोट दिखाकर कागज की गड्डी थमाकर असली रुपये लेकर फरार हो जाते थे।
सोमवार को पुलिस लाइंस में मामले का खुलासा करते हुए सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि यह गिरोह विदेश से लाई गई करंसी को भारतीय बैंकों में बदलवाने में असमर्थ होने का बहाना बनाता था। इसके बाद पीड़ित को भरोसे में लेकर उसे कई गुना मुनाफा देने का लालच दिया जाता था। यह गिरोह सितंबर 2025 में संतकबीरनगर के एक व्यापारी से पांच लाख रुपये ठग कर फरार हुआ था। व्यापारी को गांधीनगर बाजार में बुलाया गया था, जहां पहले उसे असली विदेशी मुद्रा दिखाई गई। डील फाइनल होने पर गिरोह के सदस्य कागज की बनी नकली गड्डी देकर पांच लाख रुपये लेकर चंपत हो गए। व्यापारी के केस दर्ज कराए जाने के बाद से पुलिस इस गिरोह के पीछे लगी थी।
रविवार को मुखबिर ने सूचना दी कि गिरोह के चार सदस्य बस्ती में किसी अन्य व्यक्ति को निशाना बनाने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर कोतवाल दिनेश चंद्र चौधरी की टीम ने शहर कोतवाली क्षेत्र के गड़गोड़िया स्थित ईसाई कब्रिस्तान के पास घेराबंदी कर दबिश दी गई और चारों आरोपितों को मौके से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के थाना राणाघाट के हबीबपुर निवासी सिकंदर अली उर्फ इशहाक, इसी जिले के थाना चगदा के बलिया बाजार निवासी फिरोज मीर उर्फ उज्जवल, गाजियाबाद जिले के लोनी अलीपुर के बुद्धानगर निवासी सलमान और बिहार के किशनगंज जिले के पोवाखाली थाने के हमला अबारी निवासी मोहम्मद दिलबर हुसैन शामिल हैं। इनके पास से आठ मोबाइल फोन, 19 सिमकार्ड, विदेशी करंसी, कूटरचित दस्तावेज, नकली नोटों की गड्डियां, 1925 रुपये नकद और एक घड़ी बरामद हुई है।