गोरखपुर-अयोध्या हाइवे पर कप्तानगंज के पास रविवार की सुबह छाया रहा कोहरा।
- फोटो : BASTI
धुंध-कोहरा शुरू, दृश्यता घटी, बढ़े हादसे
बस्ती। इस बार उम्मीद से पहले कोहरे और धुंध का असर देखने को मिल रहा है। रविवार सुबह कोहरे का असर देखने को मिला। ऐसे में रात और सुबह के वक्त फोरलेन पर फर्राटा भरना अब खतरे से खाली नहीं रहा। सड़क पर धुंध और कोहरे के कारण दृश्यता कम होने लगी है। इस वजह से रात व सुबह के वक्त होने वाले हादसों की तादात बढ़ गई है। पिछले तीन दिनों में कम दृष्यता के चलते छोटे-बड़े पांच हादसे हो चुके हैं।
रविवार सुबह कप्तानगंज के खजुहा के पास हुआ हादसा प्रमुख है। इसमें इंजीनियर की कार आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। एसपी आशीष श्रीवास्तव ने सड़क के किनारे के थानों, पुलिस चौकियों को निगरानी बढ़ाने और कोई भी वाहन रोड पर खड़ा न होने देने के निर्देश जारी किए। इसके अलावा एनएचएआई को भी फोरलेन पर पेट्रोलिंग तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क पर वाहन चलाते समय मामूली लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों का कहना है लापरवाही से तेज रफ्तार में वाहन चलाने की वजह से लोग ज्यादा हादसों के शिकार होते हैं।
सड़कों पर गड्ढों से हो रही दिक्कत
धुंध व कोहरे के अलावा सड़कों पर चलने में गड्ढे भी दिक्कत पैदा कर रहे हैं। शहर के भीतर ज्यादातर सड़कें निर्माणाधीन हैं। इस वजह से दोनों ओर मिट्टी की खुदाई की गई है। सड़कों के किनारे फैली निर्माण से संबंधित सामग्री अंधेरे में नजर नहीं आती। कोहरा गिरने पर इन रास्तों से गुजरना खतरनाक हो सकता है।
सुरक्षित रहने के लिए बरतें सावधानी
रात में राह चलते समय सावधानी बरतें, सामने और पीछे से आ रहे वाहनों से निश्चित दूरी बनाए रखें। सड़क पार करते समय दोनों ओर देखकर पार करें। सड़क पर ब्रेकर आने पर सावधानी बरतें। दुर्घटना बहुल क्षेत्रों में वाहन की रफ्तार कम कर लें। सड़क किनारे खड़े होकर वाहन का इंतजार करने पर पर्याप्त दूरी बनाए रखें। वाहनों पर लाइट रिफलेक्टर लगवाएं। रात में वाहन चलाते समय अपर-डिपर का प्रयोग करें। अचानक ब्रेक लेने से बचें। निर्माणाधीन सड़कों पर वाहन चलाते समय सचेत रहें। कोहरे में सड़क किनारे सफेद पट्टी देखकर चलें। इंडीकेटर ऑन रखते हुए हॉर्न का प्रयोग करते रहें। वाहन में फॉग लाइट लगवाएं। चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट बांधें। बाइक चलाते समय हेलमेट पहनें। ज्यादा जरूरी न हो तो रात में वाहन चलाने से परहेज करें।