नगर बाजार। कलवारी थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है। पुलिस ने विवाहिता की तहरीर पर पति, सास-ससुर समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता अर्चना देवी पत्नी मोहित कन्नौजिया निवासी करमी बुजुर्ग थाना कलवारी ने पुलिस को दी शिकायती पत्र में बताया कि उसकी शादी 17 नवंबर 2024 को मोहित कन्नौजिया निवासी मझारी थाना हरैया के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी से पहले ससुराल पक्ष ने मोहित को बड़ी कंपनी में इंजीनियर बताकर पांच लाख रुपये नकद और चार पहिया वाहन की मांग की थी।
विवाहिता के अनुसार, उसके पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार तीन लाख रुपये, बाइक, सोने-चांदी के आभूषण और घरेलू सामान दिया था। इसके बावजूद ससुराल पहुंचने के बाद पति मोहित, सास गैना देवी, ससुर रमाकांत, सोनिया, श्यामसुंदर, मोनिका और रोहित द्वारा कम दहेज लाने का ताना देकर प्रताड़ित किया जाने लगा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि दूसरी विदाई के समय दो लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग की गई। तहरीर के मुताबिक 23 अक्तूबर 2025 को आरोपितों ने दो लाख रुपये न लाने पर विवाहिता को गाली-गलौज और मारपीट कर घर से निकाल दिया।
बाद में पुलिस हस्तक्षेप के बाद 25 मार्च 2026 को उसे दोबारा ससुराल भेजा गया। पीड़िता का आरोप है कि 25 अप्रैल 2026 को बच्चा न होने की बात को लेकर उसके साथ मारपीट की गई। वहीं 14 जून 2026 को दहेज और संतान न होने को लेकर फिर से मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया गया।