बहादुरपुर। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर कलवारी पुलिस ने गर्भवती महिला से मारपीट और उसके पेट पर प्रहार कर गर्भस्थ शिशु को नुकसान पहुंचाने के आरोप में ग्राम पंचायत कम्हरिया के प्रशासक प्रतिनिधि समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता ने मामले में पहले भी कई बार मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। प्रकरण सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था।
पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में अकालपति पत्नी भगवानदीन ने आरोप लगाया कि 20 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे वह घर में घरेलू काम कर रही थी। इसी दौरान ग्राम पंचायत कम्हरिया के प्रशासक प्रतिनिधि अशफाक अहमद उर्फ पिंकू, उनके बुआ का लड़का यूसुफ, असलम और इम्तियाज लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आए। आरोप है कि चारों ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करते हुए उसके पति भगवानदीन, सास और नाबालिग ननद से मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान अशफाक अहमद ने उसके पेट पर प्रहार कर दिया। उसने बताया कि वह गर्भवती है और इस प्रहार से गर्भस्थ शिशु को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया। आसपास के लोगों के पहुंचने पर मामला शांत हुआ।