बस्ती। परशुरामपुर पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मारपीट कर अश्लील हरकत करने के आरोप में चार नामजद व पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने तहरीर दी है कि उनकी जमीन में विपक्षी 14 फरवरी को जबरदस्ती नाली का निर्माण करा रहे थे। अवैध निर्माण को रोकने गए तो उनके भाई, भाभी व भतीजे पर विपक्षियों ने हमला बोल दिया। अपशब्द कहते हुए भाभी के साथ अश्लील हरकत की और सभी को जान से मारने की धमकी दी। परशुरामपुर पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आनंद प्रकाश, रामसागर, संजय, अतुल व अन्य अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद
कोर्ट के आदेश पर दुष्कर्म का केस
बस्ती। शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में पंद्रह वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म की वारदात सामने आई है। शहर कोतवाली के एक मोहल्ले की महिला ने तहरीर में बताया है कि एक जून की देर रात करीब ढाई बजे आरोपी छत के रास्ते उनके घर में घुस गया। कमरे में बेटी सो रही थी। बेटी ने शोर मचाना चाहा तो आरोपी ने उसके मुंह में कपड़ा ठूस दिया और उसके दोनों हाथों को बांध दिया। आरोपी ने दुष्कर्म किया। कोतवाल दिनेश कुमार चौधरी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आरोपी सरताज के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। संवाद
शौच के लिए गई किशोरी से छेड़खानी का आरोप
बस्ती। रुधौली थानाक्षेत्र की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी के भाई ने थाने में तहरीर दी है कि उनकी बहन शौच के लिए घर के करीब नहर के पास गई थी। आरोप है कि इस दौरान वहां मौजूद आरोपी सत्यम ने उससे छेड़खानी की। बहन किसी तरह से भाग कर घर आई और सारी बात बताई। अगले दिन आरोपी के घर पर जाकर उसे ऐसी गलती दोबारा न करने के लिए चेताया। आरोप है कि 13 जुलाई की शाम बहन जब शौच के लिए गई तो सत्यम ने उसके साथ फिर अश्लील हरकत की। शोर मचाने पर लोग जुटे तो वह मौके से भाग गया। रुधौली पुलिस ने आरोपी सत्यम समेत दो के खिलाफ छेड़खानी, पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद
घर में घुसकर किया हमला, छह नामजद
बस्ती। लालगंज थानाक्षेत्र के समसपुर निवासी रामकोमल ने तहरीर देकर बताया है कि गत 12 जुलाई को वे परिवार के साथ घर पर बैठे थे। आरोप है कि पुरानी रंजिश में विपक्षियों ने घर में घुसकर लाठी-डंडा, टांगी, लोहे के राड व धारदार हथियार से हमला कर दिया। उन्हें व उनकी पत्नी सीता देवी के साथ रोशन लाल को चोट आई। शोर मचाने पर गांव के लोगों ने बीच-बचाव किया। जाते-जाते विपक्षियों ने जातिसूचक व अपशब्द देते हुए मार डालने की धमकी दी। थाना प्रभारी शशांक शेखर राय ने बताया कि छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। संवाद
कोर्ट के आदेश पर अपहरण व लूट का केस
बस्ती। कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर पुराने मामले में अपहरण, लूट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। शहर कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले शिकायकर्ता ने तहरीर दी है कि उनकी चार वर्षीय बेटी को विपक्षियों ने 30 दिसंबर 2024 को अगवा कर लिया गया। बेटा विपक्षियों ने घर पर गया तो उसे मारापीटा और उसके पैसे छीन लिएं। बेटी को लेने जाने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर संतकबीरनगर दुधारा क्षेत्र के रहने वाले शिवनारायण समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।संवाद
बच्चों के बीच झगड़े को लेकर मारपीट
बस्ती। मुंडेरवा थानाक्षेत्र के नरियांव में बच्चों के झगड़े को लेकर मारपीट हो गई। गांव की राधिका की तहरीर पर पुलिस ने हरिलाल, सोनमती, गोविंद समेत चार पर केस दर्ज किया है। इसी थाने के रमवापुर में अपशब्द कहने से मना करने पर पिता व पुत्रियों को मारपीट कर धमकाने के मामले में पुलिस ने नेहा की तहरीर पर रामललित, नीलम, संजय व खुशबू के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद