दुबौलिया क्षेत्र के बैरागल गांव के रहने वाले थे सत्यराम
घर के सामने खेत में फसल देखने जाते समय हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
दुबौलिया। बैरागल गांव में लगे बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आकर किसान की मौत हो गई। किसान सुबह खेत में फसल देखने जा रहे थे। तभी रास्ते में लड़ रहे दो सांड़ उनकी तरफ दौड़ पड़े। सांड़ों से बचने के लिए भागते समय रास्ते के किनारे लगे बिजली के खंभे में उतर रहे करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। मेडिकल कॉलेज कैली ले जाने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बैरागल निवासी 54 वर्षीय सत्यराम यादव सोमवार की सुबह घर के सामने स्थित अपने खेत में फसल देखने जा रहे थे। रास्ते में दो सांड लड़ते दिखे। उन्हें देख सत्य राम ठिठक गए, मगर सांड़ों की नजर उन पर पड़ गई। लोगों ने बताया कि सांड़ को अपनी तरफ बढ़ते देख वह भागने लगे। थोड़ी ही दूरी पर रास्ते के किनारे लगे बिजली के खंभे के सपोर्ट में लगे स्टेक के संपर्क में आ गए। स्टेक में करंट उतरा हुआ था। करंट लगने से सत्यराम गंभीर रूप से झुलस गए।
जानकारी होने पर परिवार के लोग इलाज के लिए चिलमा कस्बे में निजी चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सक ने हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज कैली भेज दिया। वहां ले जाने पर चिकित्सक ने सत्यराम को मृत घोषित कर दिया। सत्यराम की मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पत्नी रीता की एक वर्ष पहले मौत हो चुकी है। तीन पुत्र एवं दो पुत्रियां हैं। बड़ी बेटी सुनीता की ही सिर्फ शादी हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।