बस्ती। जिले में औद्योगिक विकास और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा। किसी भी उद्यमी को अपनी समस्या के निस्तारण के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। यह निर्देश शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला उद्योग एवं व्यापार बंधु की बैठक में सीडीओ सार्थक अग्रवाल ने दिए।
बैठक में उद्यमियों ने बिजली के जर्जर तार, सड़क, जल निकासी और शहर में जाम समेत विभिन्न समस्याएं उठाईं। उन्होंने बताया कि कई प्रकरण लंबे समय से लंबित हैं। इस पर सीडीओ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग आपसी समन्वय से समस्याओं का समाधान करें और उद्यमियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
सीडीओ ने कहा कि औद्योगिक विकास जिले की आर्थिक प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है। निवेशकों और उद्यमियों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। उद्योगों की स्थापना और संचालन से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी न की जाए। प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण किया जाए।
बैठक में निवेशमित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद और वित्त पोषण सहायता योजना की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में उपायुक्त उद्योग अभय कुमार सुमन, उपायुक्त प्रशासन राज्यकर उपेंद्र यादव, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अशोक मद्धेशिया, चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, महासचिव हरीश चंद्र शुक्ल आदि माैजूद रहे।