कार्यशाला में जीरो डोज वैक्सीनेशन को लेकर जानकारी देते जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एके चौधरी
- फोटो : Samvad
बस्ती। नियमित टीकाकरण से इंकार करने वाले परिवार के बच्चों व एक साल तक के ऐसे बच्चे जिन्हें टीके की कोई डोज न लगी हो (जीरो डोज) वाले बच्चों को प्रतिरक्षित करने के लिए संचालित कार्यक्रम के क्रियान्वयन के संबंध में शुक्रवार को कार्यशाला आयोजित हुई। अपर निदेशक कार्यालय के सभागार में आयोजित कार्यशाला में टीकाकरण से जुड़े अधिकारियों व स्वंय सेवी संस्थाओं ने प्रतिभाग किया। अपर निदेशक हेल्थ बस्ती मंडल डॉ. रामानंद ने बताया कि दिसम्बर 2024 से सितम्बर तक चलाए गए अभियान में 333 ऐसे बच्चे चिन्हित किए गए, जिनके परिवार के लोगों ने किसी न किसी कारण से बच्चे को टीका लगवाने से इंकार कर दिया। अधिकारियों व स्वयं सेवी संस्थाओं के जिम्मेदारों ने स्थानीय प्रभावशाली लोगों की मदद व परिवार को टीकाकरण से होने वाली विभिन्न बीमारियों से होने वाले बचाव के फायदे बताकर उनमें से 250 बच्चों का टीकाकरण कराया है। यह एक बड़ी कामयाबी है। हमारा लक्ष्य हर बच्चे का संपूर्ण टीकाकरण है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अशोक कुमार चौधरी ने बताया कि जीरो डोज के 85 बच्चे चिन्हित किए गए, जिसमें से 44 का टीकाकरण करा दिया गया। हमारा प्रयास होगा कि कोई बच्चा टीकाकरण से छूटने न पाए। सीएसओ कोऑर्डिनेटर क्रिस्टी श्रीवास्तव ने मौजूदा स्थिति से अवगत कराया। जीरो डोज टीकाकरण एवं माइक्रोप्लानिंग पर चर्चा की गई। यूनिसेफ, पीएचएफआई ने सहयोग प्रदान किया।
कार्यशाला में यूनिसेफ के डिविजनल हेल्थ कोऑर्डिनेटर सुरेंद्र शुक्ल, डीएमसी एवं रीजनल कोऑर्डिनेटर एसएम नेट, डीसीपीएम दुर्गेश मल्ल, डीपीएम राकेश पांडेय, हरेंद्र मिश्र, सभी ब्लॉक के एमओआईसी, बीसीपीएम एवं एचईओ मौजूद रहे।
-