रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री- संवाद
बस्ती। छठ पर्व जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है एक्सप्रेस ट्रेनों में बड़े शहरों से घर आने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ती जा रही है। पूजा स्पेशल ट्रेनों में भी यात्री खचाखच भरे हुए हैं। सहूलियत के लिए रेलवे प्रशासन की ओर से कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन कराया जा रहा है। बावजूद उसके भीड़ कम नहीं हो रही है।
बिहार से लेकर पूर्वांचल में छठ पर्व का काफी महत्व है इसलिए इस त्योहार में हर कोई समय से घर पहुंचाना चाह रहा है। इसके चलते रेलवे के साथ-साथ परिवहन निगम की बसों में भी जबरदस्त भीड़ देखने को मिल रही है। रेलवे प्रशासन की ओर से यात्रियों को सहूलियत के लिए 22 अक्टूबर से चंडीगढ़-कटिहार अनारक्षित पूजा विशेष गाड़ी का संचलन कराया जा रहा है।
इसी तरह 23 अक्टूबर से साबरमती मुजफ्फरपुर अनारक्षित पूजा विशेष ट्रेन का संचालन कराया जा रहा है। यह ट्रेन बस्ती-गोरखपुर के रास्ते बिहार के मुजफ्फरपुर तक जाएगी। इस ट्रेन में शयनयान श्रेणी/सामान्य द्वितीय श्रेणी/द्वितीय श्रेणी कुर्सीयान के 18 एवं एसएलआर के 2 कोच सहित कुल 20 कोच लगाए गए हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि छठ पर्व को लेकर रेलवे प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। यात्रियों को सहूलियत देने के लिए रेलवे प्रशासन की ओर से कई पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन कराया जा रहा है। इसके साथ ही स्टेशनों पर भीड़ को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है।