सत्यार्थ प्रकाश प्रतियोगिता में विजेता हुई सम्मानित-स्रोत आयोजक
बस्ती। अमर याज्ञिक पद्मश्री महाशय धर्मपाल की स्मृति में आर्य प्रतिनिधि सभा द्वारा आयोजित सत्यार्थ प्रकाश प्रतियोगिता में आर्य कन्या इंटर कॉलेज की पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. शशिकला श्रीवास्तव ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्हे आर्य समाज नई बाजार के जरिए रविवार को सम्मानित किया गया।
भारत स्वाभिमान ट्रस्ट यूनिट के महामंत्री डॉ. नवीन सिंह और आर्य वीर दल के मंडलपति आचार्य देवव्रत द्वारा डॉ. शशिकला श्रीवास्तव को स्मृति चिह्न, प्रमाण पत्र और जूसर प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में अन्य विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया, जिनमें अश्कृता मिश्रा ने द्वितीय, राम तनय आर्य ने तृतीय, नीलम मिश्रा ने चतुर्थ तथा अपूर्वा गुप्ता ने पांचवां स्थान प्राप्त किया। आर्य प्रतिनिधि सभा लखनऊ के उप प्रधान ओम प्रकाश आर्य ने भी सभी विजेता प्रतियोगियों को बधाई दी।
डॉ. नवीन सिंह ने कहा कि सभी विजेताओं की यह सफलता अत्यंत प्रेरणादायी है। सत्यार्थ प्रकाश जैसे महान ग्रंथ का अध्ययन और उसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करना यह दर्शाता है कि हमारे समाज में आज भी सनातन मूल्यों और वैदिक ज्ञान के प्रति गहरा अनुराग है। ऐसी प्रतियोगिताएं नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ने का काम करती हैं। आर्य वीर दल के मंडलपति आचार्य देवव्रत ने कहा कि स्वाध्याय और यज्ञ हमारे जीवन के मूल आधार हैं।
इस अवसर पर नीतीश कुमार, धर्मेंद्र कुमार, महिमा आर्य, रिमझिम, अरविंद साहू, वैद्य अजय चौधरी, गणेश आर्य आदि मौजूद रहे।