कप्तानगंज नगर पंचायत में ईओ को ज्ञापन देते सभासद। संवाद
कप्तानगंज (बस्ती)। कप्तानगंज नगर पंचायत के सभासदों ने बुधवार को अपनी मांगों को लेकर ईओ शिव प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपा है। सभासदों ने गृहकर के नाम पर गृहस्वामियों को नोटिस देने पर नाराजगी जताई है। इसे वापस लेने की मांग की है।
सभासदों ने मांग पत्र में कहा है कि नगर पंचायत बोर्ड की बैठक के बिना नगर पंचायत की ओर से 15 वार्डों में गृहकर के नाम पर हजारों की संख्या में नोटिस गृह स्वामियों को दिया गया है। इससे नगर पंचायत में ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। लगातार आम नागरिकों की शिकायत को लेकर सभासदों आंदोलन कर रहे हैं। इसके बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है। पानी,सड़क,सीवर व नाली आदि की सुविधा किए बिना गृहकर के नाम पर वसूली नहीं होनी चाहिए।
सभासदों का कहना है कि बिना नगर पंचायत बोर्ड कीक बैठक के तथ्यों को छिपाकर नगर पंचायत गृहकर के लिए नोटिस जारी कर रहा है। नोटिस में भी भारी अनियमितताएं हैं। किसी का मकान दूसरे के मकान पर दर्ज कर लिया गया है तो दूसरे के घर का फोटो तीसरी के घर के नाम पर टैग कर दिया गया है।
ज्ञापन देने वाले सभासदों में सूर्यमणि चौधरी, लक्ष्मी त्रिपाठी, फुल कली, रामजीत चौधरी, रत्नावली, आशा देवी, अश्वनी वर्मा, राजेश तिवारी, राजीव कुमार तथा फैजान आदि शामिल रहे।