दुबौलिया। 84 कोसी परिक्रमा समिति के अध्यक्ष महंत गयादास के नेतृत्व में मंगलवार की भोर से ही श्रद्धालुओं का जत्था हनुमानबाग चकोही पहुंचने लगा था।
रास्ते में विशेषरगंज कस्बे के राम-जानकी मंदिर में कस्बे के लोगों ने पुष्प वर्षा एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। इस के बाद राम जानकी मार्ग से कसैला बाबू होते हुए द्वितीय पड़ाव स्थल हनुमान बाग चकोही पहुंचा।
श्रद्धालु मंदिर परिसर में मंडली बना कर राम धुन में लीन रहे। महंत ने बताया कि 84 कोसी परिक्रमा पुराणों में भी वर्णित है। हनुमानबाग चकोही का विशेष महत्व होने के कारण संत यहां रात्रि विश्राम करते हैं।
हनुमान बाग चकोही पहुंचे श्रद्धालुओं का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिलमा के प्रभारी डाॅ. धर्मेंद्र चौधरी ने अपने स्टाफ के साथ स्वास्थ्य परीक्षण कर जरूरी दवाएं दीं। परिक्रमा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए देवकली, विशेषरगंज कसैला, समौड़ा, हनुमानबाग मंदिर परिसर में ग्रामीण सेवा-सत्कार में लगे रहे।