कूड़ों के बीच चल रह कुष्ठ रोग विभाग, कर्मी हलकान
- जिला अस्पताल परिसर में ही लगा है कूड़े का ढेर
- चिकित्सकों की कॉलोनी का भी यही मात्र एक रास्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। इन दिना जिला अस्पताल के पीछे स्थित कुष्ठ रोग विभाग में कूड़े का अंबार लगा हुआ है। साथ ही डॉक्टरों के निवास की ओर जाने वाले रास्ते पर भी कूड़े का ढेर है। इससे अस्पताल कर्मियों और चिकित्सकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारी इसका विरोध नहीं करते, लेकिन दबी जुबान से व्यवस्था को कोसते हैं।
जिला अस्पताल के मुख्य गेट से प्रवेश करने के बाद दाहिने तरफ कुष्ठ रोग विभाग का भवन है। इस भवन में आधा दर्जन कर्मियों के अलावा जिला कुष्ठ रोग अधिकारी भी बैठते हैं, मगर यहां जाने के लिए आपको नाक बंद करना होगा। क्योंकि इसका रास्ता जिला अस्पताल से निकलने वाले कूड़े-कचरे के ढेर के बीच से जाता है। यहां भारी मात्रा में कूड़ा एकत्रित किया गया है, जिससे जहां कर्मी परेशान हैं, वहीं चिकित्सक भी हलकान हैं।
यहां के कर्मियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि कई बार मौखिक रूप से इसके लिए बातचीत की गई, मगर जिम्मेदारों पर इसका कोई प्रभाव नहीं है। कई ट्रक कूड़ा एकत्रित किया गया है, जिससे बीमारी की भी आशंका बढ़ गई है। कहा कि कमरों तक सड़ांध उठती है, मगर नौकरी करना मजबूरी है।
जिला अस्पताल के एसआईसी डॉ. आलोक कुमार वर्मा ने कहा कि कूड़े के ढेर की जानकारी है। इसे लेकर जिला प्रशासन, नगर पालिका व जिला पंचायत से बातचीत व पत्राचार किया गया है। शीघ्र ही इसे हटा दिया जाएगा।