राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती । राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को डीएम को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को दिया। संगठन के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष राम अधार पाल के नेतृत्व में लोकसभा चुनाव कार्य में लगाए जाने वाले कर्मचारियों की समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
ज्ञापन में मंडी समिति से मतदान टोली के प्रस्थान के समय कर्मचारियों की बाइकों की सुरक्षा के लिए स्टैंड बनाने, निर्वाचन कार्य में लगे कर्मचारियों को उनके मानदेय का भुगतान नकद कराने, मतदान में महिला कर्मियों की भी ड्यूटी लगाई जा रही है, ऐसी स्थिति में वाहन के रूप में ट्रकों के स्थान पर बस की व्यवस्था करने, मतदान के बाद मंडी समिति में ईवीएम जमा करने के बाद मतदान कर्मियों को जनपद, तहसील एवं ब्लॉक मुख्यालयों पर भेजने के लिए वाहन की व्यवस्था कराने की मांग की।
ज्ञापन में कैंसर, किडनी, किसी दुर्घटनाग्रस्त अस्थाई रूप से दिव्यांग कर्मचारियों, पांच माह से अधिक गर्भवती महिलाओं एवं सरकारी सेवा में पति-पत्नी में से किसी एक को अवमुक्त रखने की मांग उठाई है। कर्मचारी संगठन ने मतदान तिथि को पड़ने वाले वैवाहिक कार्यक्रम के लिए संबंधित कर्मियों को चुनाव ड्यूटी से मुक्त करने, कर्मचारियोें के मतदान की व्यवस्था सुनिश्चित कराने आदि की मांग की है।
इस मौके पर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला मंत्री तौलू प्रसाद, कोषागार कर्मचारी संघ अध्यक्ष अखिलेश पाठक, कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ महामंत्री फैजान अहमद, विकास भवन कर्मचारी संघ के महामंत्री ओम प्रकाश आदि शामिल रहे।