रालोद प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह को ज्ञापन सौंपते पूर्व सैनिक स्रोत स्वयं
बस्ती। जनपद के पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और उनके आश्रितों को स्वास्थ्य, पेंशन तथा अन्य प्रशासनिक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के लिए सैनिक कल्याण परिसर में एकीकृत कॉम्प्लेक्स के निर्माण की मांग उठाई गई है। राष्ट्रीय लोकदल के क्षेत्रीय अध्यक्ष (पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ) कैप्टन दिनेश सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह को पत्र भेजकर बस्ती में आधुनिक ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक भवन के साथ एकीकृत कल्याण परिसर के निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत कराने की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि बस्ती जनपद में भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना के हजारों सेवानिवृत्त सैनिक तथा उनके परिवार निवास करते हैं। वर्तमान में सैनिक कल्याण परिसर में स्वास्थ्य सुविधाओं और प्रशासनिक कार्यों के बेहतर संचालन के लिए व्यवस्थित एवं आधुनिक ढांचे की आवश्यकता है। प्रस्तावित एकीकृत परिसर में आधुनिक ईसीएचएस पॉलीक्लीनिक भवन बनाया जाए, जहां पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण और प्राथमिक उपचार की सुविधा मिल सके।
इसके साथ ही सीएसडी कैंटीन, पेंशन समाधान, स्पर्श सहायता केंद्र तथा प्रशासनिक औपचारिकताओं और शिकायतों के निस्तारण के लिए सिंगल विंडो सिस्टम स्थापित करने का प्रस्ताव दिया गया है। परिसर में संगठन की बैठकों, जागरूकता शिविरों और पूर्व सैनिकों के सामाजिक आयोजनों के लिए बहुउद्देश्यीय सभागार की व्यवस्था करने की भी मांग की गई है।
प्रस्ताव में दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले बुजुर्ग पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं के लिए विश्राम गृह, प्रतीक्षालय तथा शौचालय की सुविधा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। कैप्टन दिनेश सिंह ने कहा कि एकीकृत परिसर से पूर्व सैनिकों को सम्मानजनक और सुगम सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही यह जनपद के विकास में भी एक अनुकरणीय पहल साबित होगा। उन्होंने संबंधित मंत्रालयों और विभागों से प्रस्ताव को स्वीकृति दिलाने तथा आवश्यक सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया है।