घर में विवाहिता की रहस्यमय हालात में मौत
बस्ती। शहर कोतवाली क्षेत्र के जयपुरवा मोहल्ले की 32 वर्षीय विवाहिता की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। चौकी प्रभारी रोडवेज चंद्रकांत पांडेय ने बताया कि मृतका के गले में दोनों तरफ चोट के निशान हैं। गले में फंदा लगाने के निशान भी नहीं मिले। इससे मौत का रहस्य गहराता गया। मृतका की बहन रेनू की तहरीर पर मृतका के पति सतीश समेत चार के खिलाफ दहेज हत्या व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
देवरिया के गौरीबाजार थानाक्षेत्र के सोहसा निवासी अर्चना उर्फ चुन्नी की शादी दिसंबर-2016 में गोरखपुर जिले के बांसगांव के चांडी निवासी राजेंद्र राय के बेटे सतीश राय के साथ हुई थी। सतीश राय वर्तमान में परिवार के साथ शहर के जयपुरवा मोहल्ले में किराए के मकान पर रहते हैं। रविवार सुबह सूचना मिली कि अर्चना की मौत हो गई है। इस पर अर्चना की गोरखपुर (खोराखार) की रहने वाली बहन रेनू राय मां के साथ बस्ती आ पहुंची। बहन ने तहरीर में बताया है कि शादी के बाद से ही दहेज के लिए ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर ही उनकी बहन अर्चना को पति सतीश राय या सास, ससुर, देवर व देवरानी ने गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अर्चना की बहन की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी है।