कप्तानगंज थाने के कौड़ीकोल में रहस्यमय तरीके से हुई थी मौत, विसरा प्रिजर्व
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज (बस्ती)। कप्तानगंज थाने के कौड़ी कोल में रहस्यमय तरीके से मृत प्रियंका वर्मा की मौत का राज पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी नहीं खुल सका। डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित करते हुए जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजने की संस्तुति की है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कौड़ीकोल गांव के प्रियंका वर्मा पुत्री स्व गणेश दत्त की मंगलवार की रात की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया लेकिन उसकी मौत कैसे हुई , इसका पता नहीं चल सका। प्रियंका की कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पटखोली बाबू गांव में शादी तय हुई थी। 29 नवंबर को शादी होनी थी। परिजनों के मुताबिक रात में अचानक उसकी तबीयत खराब हुई। आनन-फानन में प्राइवेट वाहन से उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर गांव चले आए। सूचना पर कप्तानगंज पुलिस भी घर पहुंच गई। जांच-पड़ताल में पता चला कि शादी तय होने के बाद कई बार पंचायत भी हो चुकी थी। युवती की मौत कैसे हुई इस बारे में पता लगाने के लिए पुलिस जुटी हुई है। परिवार वालों की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। मृतका की मां का कहना है कि अभी उन्होंने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।
तबीयत बिगड़ने से कुछ देर पहले तक मंगेतर भी था साथ
सूत्रों के अनुसार, युवक-युवती में लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बाद में दोनों के परिजनों की सहमति से शादी तय हुई। मंगलवार रात घटना मौत से पहने युवती ने रकम और चेक अपने मंगेतर को देने के लिये बुलाया था। गांव के लोगों व पड़ोसियों ने घटना के पहले मंगेतर को गांव में देखा था। पड़ोसियों की माने तो मंगेतर के जाने के कुछ देर बाद रात 12 बजे युवती की तबीयत बिगड़ी तो उसने पुन: मंगेतर को फोन करके बुलाया। वहीं, युवती के पैर के अंगुलियों में निशान से परिजन और आसपास लोग सांप काटने की चर्चा कर रहे हैं। युवती ने इस शादी के लिए परिवार के लोगों के खिलाफ कप्तानगंज थाने में तहरीर भी दी थी। इसी से जुड़े एक मामले में मृतका के भाई का शांतिभंग की आशंका में पुलिस ने चालान भी किया था। कप्तानगंज के प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र चौधरी ने बताया कि विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। प्रकरण की हर पहलू से जांच की जा रही है।