27 सितंबर को साइकिल से निकले थे अश्विनी, खलीलाबाद के भाटपार गांव के पास मिला शव
मुंडेरवा थाने के छपिया लुटावन गांव से हुए थे लापता
संवाद न्यूज एजेंसी
मुंडेरवा। 27 सितंबर को घर से लापता युवक का संतकबीरनगर के काटे चौकी क्षेत्र के भाटपार गांव के समीप बड़ी नहर के पास शव मिला। मुंडेरवा थाना क्षेत्र के छपिया लुटावन गांव के निवासी सुरेश पांडेय ने 30 सितंबर को मुंडेरवा थाने में सूचना दी कि उनका पुत्र अश्वनी पांडेय (35) 27 सितंबर को शाम सात बजे नशे की हालत में साइकिल से घर से निकले, वह रात में घर नहीं आए। रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की गई लेकिन वह नहीं मिले। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर खोजबीन शुरू की।
रविवार की सुबह को कांटे चौकी के भाटपार गांव के पास बड़ी नहर में एक शव मिलने की सूचना पर कोतवाली खलीलाबाद के कांटे चौकी के इंचार्ज श्याम मोहन और कोतवाल अनिल कुमार ने शव को बाहर निकाला। आसपास पहचान कराई लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सका। शाम साढ़े चार बजे के आसपास पता चला कि मुंडेरवा थाने के छपिया लुटावन गाव का एक युवक 27 सितंबर से गायब है। मौके पर पहुंचे मृतक के पिता ने पहचान अपने पुत्र अश्वनी के रूप में की। खलीलाबाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।